भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर अहम बात कही है। उन्होंने शनिवार को कहा कि दोनों देशों ने व्यापार समझौते से जुड़े ज्यादातर मुद्दों को सुलझा लिया है। अब बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है और समझौते को जल्द अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। उन्होंने संकेत दिया कि टैरिफ से जुड़े मुद्दों पर भी काफी हद तक सहमति बन चुकी है।
एस जयशंकर ने अमेरिका से व्यापार समझौते को लेकर कही बड़ी बात।
जयशंकर की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले महीने अमेरिका जाने की संभावना है। वह 14 और 15 दिसंबर को मियामी में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले सकते हैं। इस दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात भी संभावित है। ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान व्यापार समझौते की प्रगति पर चर्चा हो सकती है।
'ट्रेड डील आखिरी पड़ाव पर, जल्द हो सकता है समझौता'
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक समिट में बातचीत के दौरान कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत अंतिम दौर में है। उन्होंने कहा कि भारत को उम्मीद है कि समझौते को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। जयशंकर ने कहा कि ज्यादातर मुद्दों का समाधान हो चुका है। कुछ मुद्दे अभी बाकी हैं, लेकिन उनमें से कई भारत की तरफ से नहीं, बल्कि अमेरिकी पक्ष की तरफ से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि बातचीत के अंतिम चरण में पहुंचने पर सभी पक्षों में जल्द नतीजे की अपेक्षा बढ़ जाती है।टैरिफ के मुद्दों पर भी बनी सहमति
जयशंकर ने बताया कि दोनों देशों ने टैरिफ से जुड़े मुद्दों पर एक-एक करके विस्तार से बातचीत की है। उन्होंने कहा कि व्यापार समझौते को लेकर भारत ने जल्दबाजी करने के बजाय हर टैरिफ लाइन पर विस्तार से चर्चा की है। इस तरह की बातचीत में समय लगता है,क्योंकि इसमें लोगों की नौकरियों और आजीविका से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने धैर्य के साथ इन मुद्दों पर काम किया है और अब बातचीत लगभग अंतिम पड़ाव पर है।भारत को ऐसी डील चाहिए जिससे मिले प्रतिस्पर्धियों पर बढ़त
जयशंकर ने साफ किया कि भारत ऐसा व्यापार समझौता चाहता है,जो दोनों देशों के लिए फायदेमंद और संतुलित हो। भारत की कोशिश है कि उसे अमेरिकी बाजार में समान आर्थिक स्थिति वाले दूसरे देशों के मुकाबले बेहतर टैरिफ सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि भारत के लिए सिर्फ समझौता होना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह भी जरूरी है कि इससे देश को वास्तविक आर्थिक फायदा मिले। विदेश मंत्री ने अमेरिका को भारत का सबसे बड़ा बाजार बताते हुए कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के साथ व्यापार समझौता करना भारत के लिए लाभकारी होगा।
ट्रंप भी कई देशों के साथ करना चाहते हैं व्यापार समझौते
जयशंकर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी अलग-अलग देशों के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते करने की दिशा में काम कर रहे हैं, ताकि अमेरिकी बाजारों के लिए बेहतर अवसर तैयार किए जा सकें। हालांकि,दोनों देशों के हितों के बीच संतुलन बनाना सबसे बड़ी चुनौती है।
पिछले साल से भारत-अमेरिका संबंधों में आई थी तल्खी
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर 2025 की शुरुआत से बातचीत चल रही है। इसका उद्देश्य टैरिफ संबंधी विवादों को दूर करना, गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करना और दोनों देशों के कारोबारियों के लिए बाजार तक पहुंच आसान बनाना है। इस वार्ता में गतिरोध तब आया था जब बीते साल अमेरिका की ओर से भारत पर अतिरिक्त दंडात्मक टैरिफ लगाया गया था। इसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था।
