Russian girl Juli: प्यार सरहद की दीवार लांघ कर चलता है। यह दीवार रूस की लड़की जूली ने पार की है। वह अपने प्यार के लिए रूस से चलकर बिहार के भागलपुर पहुंची है। उसे भागलपुर के रहने वाले राहुल यादव से प्यार है। दरअसल, राहुल काम करने के लिए रूस गया था और वहां उसकी मुलाकात जूली से हुई। समय के साथ दोनों में करीबी बढ़ी और प्यार हुआ। कुछ समय पहले राहुल वापस भागलपुर आ गया। राहुल के वापस आ जाने के बाद जूली का मन रूस में नहीं लगा। वह अपने परिवार के साथ भागलपुर आई है। बताया जा रहा है कि राहुल और जूली की शादी नवंबर महीने में होगी।
रूस से भागलपुर आया है जूली का परिवार। तस्वीर-X/@MrThoughts06
झोपड़ी में रहने के लिए तैयार हैं जूली
खास बात यह है कि सुख-सुविधाओं में पली-बढ़ी जूली को भागलपुर में रहने से कोई दिक्कत नहीं है। वहीं, राहुल के पास पक्का घर नहीं है। परिवार झोपड़ी में रहता है। अपने प्यार के लिए जूली छप्पर के घर में रहने के लिए तैयार हैं। दोनों ने एक-दूसरे का साथ निभाने का फैसला किया है। राहुल और रूस की जूली की प्रेम कहानी इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जूली की प्रशंसा कर रहे स्थानीय लोग
रिपोर्टों के मुताबिक राहुल ने जूली को बताया कि उसके पास कोई बड़ा बंगला नहीं है, यहां रहने के लिए झोपड़ी ही है, वह इसमें कैसे रह पाएगी। लेकिन जूली ने उसे बताया कि वह उसके लिए बंगला छोड़ झोपड़ी में रहने को तैयार है। विदेशी लड़की जूली का अपने प्यार के प्रति समर्पण देख लोग हैरान हैं और उसकी प्रशंसा कर रहे हैं।
शादी की तारीख का इंतजार
वहीं, भागलपुर आकर जूली का परिवार काफी खुश है। उनकी काफी मेहमान नवाजी की जा रही है। स्थानीय लोग भी इन्हें अपने बीच पाकर काफी उत्साहित महसूस कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार नवंबर में राहुल और जूली की शादी करने के लिए तैयार हो गए हैं। हालांकि, शादी की तारीख, समारोह के स्थान और विवाह की औपचारिकताओं को लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आई है। लोग शादी की तारीख का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
