Lalan Singh party : मुंगेर में बीते दिनों जनता दल-यूनाइटेड (JD-U) के अध्यक्ष लल्लन सिंह की ओर से आयोजित मीट-भात पार्टी पर अब सियासी हंगामा शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता विजय कुमार सिन्हा ने यह कहकर सनसनी फैला दी है कि इस भोज के बाद से मुंगेर शहर के सैकड़ों कुत्ते लापता हैं। भाजपा नेता का आरोप है कि भोज में कार्यकर्ताओं को हजारों जानवरों का मांस खिलाया गया।
भाजपा के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने मीट-भात पार्टी पर उठाया सवाल।
भाजपा नेता ने पूरे मामले की जांच की मांग की
रिपोर्टों के अनुसार भाजपा के नेता प्रतिपक्ष ने कहा, 'यह मामला बहुत ही गंभीर है। मुझे बहुत से लोगों ने बताया है कि इस मीट-भात पार्टी के बाद से शहर से सैकड़ों कुत्ते लापता हैं। मीट की जगह हजारों जानवरों का मांस पार्टी कार्यकर्ताओं को खिलाया गया। यह जांच का विषय है। जानवरों का मांस खिलाए जाने के बाद कौन सी बीमारी फैल सकती है और पार्टी में क्या शराब भी परोसी गई, इसकी जांच होनी चाहिए।'
कुछ दिनों पहले मुंगेर में हुआ था भोज का आयोजन
इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मुंगेर पार्टी में शराब परोसे जाने का आरोप लगाया। बता दें कि सीएम नीतीश कुमार की पार्टी के नेता ललन सिंह की ओर से पिछले दिनों मुंगेर में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था। यहां उनकी ओर से मटन पार्टी का आयोजन किया। बताया जाता है कि इस पार्टी में खाने को लेकर भगदड़ मच गई। भोज खाने आए लोगों की पिटाई का वीडियो भी सामने आया है।
जद-यू नेता ने सिन्हा को मानसिक रूप से दिवालिया बताया
भाजपा नेता ने कहा कि इस मामले की जांच होनी चाहिए। हम इस बात का पता लगाएंगे कि भोज में जो लोग शामिल हुए थे उन्हें कहीं शराब तो नहीं परोसी गई। इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। सिन्हा के आरोपों जद-यू ने प्रतिक्रिया दी है। जद-यू ने कहा कि भाजपा नेता 'मानसिक रूप से दिवालिया' हो गए हैं। भाजपा नेता पर हमला बोलते हुए जद-यू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि विजय कुमार सिन्हा को खुद इस बात का खुलासा करना चाहिए कि वह अपनी दावतों में लोगों के लिए किस जानवर का मांस परोसते हैं।
