रामचरितमानस विवाद: बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर की बढ़ी मुश्किलें, गठबंधन साथी ने भी घेरा, खिलाफ में कई अदालतों में अर्जी दायर

  • Agency by: Agency
  • Updated Jan 13, 2023, 09:35 PM IST

महाकाव्य रामचरितमानस के बारे में टिप्पणी को लेकर बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। उनपर धार्मिक भावनाओं को आहत करने को लेकर कई अदालतों में शिकायतें दर्ज की गई हैं। इतना ही नहीं जदयू ने मामले को तूल पकड़ते देख मंत्री को ऐसे बयान देने से परहेज करने की सलाह दी है।

पटना: महाकाव्य ‘रामचरितमानस’ के बारे में अपमानजनक टिप्पणी को लेकर बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर की मुश्किलें शुक्रवार को बढ़ती दिखी। बिहार के एक से अधिक जिलों की अदालतों में कई याचिकाएं दायर की गईं हैं जिनमें राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया, जबकि उनकी पार्टी ने कहा कि उन्होंने वास्तव में बीजेपी जो कमंडलवादियों का प्रतिनिधित्व करती है, के बारे में कहा था।

Bihar education minister Chandrashekhar

बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर

बिहार के मुजफ्फरपुर की एक अदालत में अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा और राजीव कुमार के अलावा गरीब नाथ मंदिर के महंत अभिषेक पाठक और स्थानीय हिंदू संगठन के नेता श्याम सुंदर ने मंत्री के खिलाफ याचिकाएं दायर की। उन्होंने हिंदू भावनाओं का जानबूझकर अपमान करने के लिए आरजेडी नेता के खिलाफ भादंवि की संगत धाराओं के तहत मुकदमा चलाए जाने की प्रार्थना की है। अदालत ने मामले की आगे की सुनवाई के लिए 25 जनवरी की तारीख तय की है। बेगूसराय जिले के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में अधिवक्ता अमरेंद्र कुमार अमर ने भी इसी तरह की याचिका दायर की है। याचिकाकर्ता ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि उनकी याचिका पर अदालत द्वारा सुनवाई के लिए तारीख का निर्धारण किया जाना अभी बाकी है।

End of Feed