Ram Mandir Donation Row: राम मंदिर में कथित तौर पर चढ़ावे से जुड़ी अनियमितताओं और चोरी के आरोपों को लेकर खूब राजनीतिक बयानबाजी हो रही है । इस मामले पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने टिप्पणी की है।
Ram Mandir Donation Row: राम मंदिर में कथित तौर चंदा चोरी मामले पर प्रियंका गांधी ने नाराजगी जाहिर की। ANI
उन्होंने कहा, "सत्य और धर्म को स्थापित करने वाले मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम और उनके करोड़ों भक्तों की आस्था के साथ जो चोरी और लूट का कपटपूर्ण कृत्य किया गया है, उसने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है।" सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने आगे लिखा,"भगवान राम करोड़ों मन का पवित्र भाव हैं। उसी पवित्र भाव से लोग मंदिर में माथा टेकते हैं और दान करते हैं। राम मंदिर में चोरी करने वालों ने धर्म और आस्था की मूल भावना को खंडित करने का महापाप किया है।"
प्रियंका गांधी ने कहा," यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि क्या छोटे कर्मचारी अकेले सीसीटीवी बंद कर हजारों करोड़ के चढ़ावे में हेराफेरी कर सकते हैं, या इसके पीछे कुछ बड़े लोगों की मिलीभगत है? इस मामले में जांच के नाम पर लीपापोती करने की जगह पारदर्शी तरीके से जांच हो और जो भी लोग इस चोरी के कृत्य में संलिप्त हैं, उन्हें कड़ी सजा मिले।"
'जब तक राक्षसों को फांसी नहीं हो जाती, मैं चैन से नहीं बैठूंगा'
वहीं, इस मामले पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी चिंता जाहिर की है। उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन और आभूषणों की चोरी के मामले में दर्ज एफआईआर को 'धोखा' करार देते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि इस मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर में 'महाडकैती' हुई है और कथित गबन में शामिल बड़े लोगों को बचाया जा रहा है। AAP संयोजक ने राम मंदिर के लिए मिले दान में कथित हेराफेरी में शामिल लोगों के सामाजिक बहिष्कार की अपील करते हुए इस मुद्दे को 'धर्म युद्ध' करार दिया और कसम खाई कि जब तक दोषी लोगों को 'फांसी' नहीं दी जाती, तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे।
8 लोग गिरफ्तार
बता दें कि एसआईटी जांच के नतीजों के आधार पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने औपचारिक तौर पर शिकायत दर्ज करवाई। इसी शिकायत के आधार पर FIR दर्ज हुई और चंदे की गिनती करने वाले कर्मचारियों सहित आठ संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया गया। खबरों के मुताबिक आय से अधिक संपत्ति की जांच के दौरान अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों के पास से बड़ी मात्रा में बेहिसाब नगदी और महंगी चीजें जब्त कीं।
