Rahul Gandhi Raebareli Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली आएंगे। वे आज सुबह फुरसतगंज एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। जहां से सीधे भुएमऊ गेस्ट हाउस जाएंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। राहुल गांधी रायबरेली की जनता के बीच भी जाएंगे और उनसे संवाद करेंगे। आज उनकी बैठक जिला प्रशासन के साथ भी होगी। जिसमें वे रायबरेली में चल रही परियोजनाओं और उनकी प्रगति के बारे में जानकारी लेंगे। जिला प्रशासन उनके कार्यक्रम को लेकर अलर्ट मोड पर आ गया है।
राहुल गांधी (फोटो साभार - ट्विटर)
रायबरेली दौरे का पूरा कार्यक्रम
लोकसभा चुनाव जीतने के बाद सांसद राहुल गांधी दूसरी बार अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली आ रहे हैं। यहां वे एक दिवसीय दौरे पर हैं। जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राहुल गांधी मंगलवार को सुबह 9:30 बजे फुरसतगंज एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग से होते हुए गेस्ट हाउस जाएंगे। जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं के साथ जिले के विकास कार्यों पर बातचीत करेंगे। राहुल गांधी गेस्ट हाउस में जनता से भी मिलेंगे। इसके अलावा वे किसी विधानसभा क्षेत्र का दौरा भी कर सकते हैं।
शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी से हो सकती है मुलाकात
राहुल गांधी आज भुएमऊ गेस्ट हाउस में शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी स्मृति से भी मुलाकात कर सकते हैं। अंशुमान सिंह 19 जुलाई 2023 को सियाचिन ग्लेशियर में शहीद हो गए थे। हाल ही में उन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है।
लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ने यूपी की रायबरेली और केरल की वायनाड सीट से चुनाव लड़ा था। जिसमें उन्हें दोनों सीटों से जीत मिली थी। जिसके बाद उन्होंने वायनाड सीट से इस्तीफा दे दिया था। सोनिया गांधी के बाद अब राहुल गांधी रायबरेली सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
