Rahul Gandhi Dharna: कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर चल रही जांच की जानकारी लेने डीसीपी ऑफिस गए थे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। वहीं, राहुल गांधी सहित कई कांग्रेस नेता थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
पैलेट गन मामले को लेकर थाने में धरने पर बैठे राहुल गांधी। ANI
मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा, जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती है, तब तक हम यहां से नहीं हिलने वाले हैं। पैलेट गन छात्रों पर चलाई गई। 20 जुलाई को पैलेट गन चलाई गई। राहुल गांधी ने कहा कि अमित शाह न्याय से इतना घबरा क्यों रहे हैं। हम हर पीड़ित छात्रों को न्याय दिलाकर रहेंगे। साहिल की आंख पर पैलेट लगे।
अमित शाह और दिल्ली पुलिस न्याय नहीं होने देंगे: राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया था। एम्स की रिपोर्ट में साफ तौर पर कहा गया है कि उनके शरीर में 200 से अधिक गोले हैं और 3 उनकी आंख में हैं। उनकी उस आंख की रोशनी चली गई है। उनके दिल के पास भी गोले हैं जिन्हें छुआ नहीं जा सकता। दिल्ली पुलिस का कहना है कि उन्होंने पेलेट गन नहीं चलाई। तो बस एक ही सवाल उठता है: किसी ने तो यह किया ही होगा। वाकई अपराध हुआ है। हम एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने हमें बताया कि उन्हें ऊपर से आदेश मिला है और वे एफआईआर दर्ज नहीं कर सकते। जब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो जाती, हम यहां से नहीं हटेंगे। हमारी बस यही मांग है कि इस परिवार को न्याय मिले। इस देश में अमित शाह का गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के जवान न्याय नहीं होने देंगे।"
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने शिकायत ले ली है। और IO भी बता दिया है। राहुल गांधी को ये भी बता दिया गया है। पुलिस ने जानकारी दी कि सीजीपी प्रोटेस्ट के दौरान जो एफआईआर हुई थी उसकी जांच क्राइम ब्रांच कर रही है।
मेरी आंख की रोशनी अभी भी पूरी तरह से ठीक नहीं हुई: साहिल लोचाव
पेलेट गन हमले के शिकार साहिल लोचाव ने कहा, "20 जुलाई को मुझ पर पेलेट गन से हमले हुए। मुझे लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां से मुझे एम्स रेफर कर दिया गया। एम्स में मेरी सर्जरी हुई, लेकिन मेरी आंख की रोशनी अभी भी पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है। 14 अगस्त को मैंने सात पन्नों की शिकायत लिखकर अपने वकील को दी, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।"
क्या है कांग्रेस का आरोप?
बता दें कि राहुल गांधी के समर्थन में जयराम रमेश, प्रियंका गांधी, सलमान खुर्शीद, अधीर रंजन चौधरी सहित कई नेता धरने पर बैठे हैं। कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया है कि पीड़ित साहिल लोचव ने 14 अगस्त को पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज करना तो दूर, शिकायत का I/O नंबर तक उपलब्ध नहीं कराया। कांग्रेस के मुताबिक, साहिल ने 17 अगस्त को भी मामले में फॉलोअप किया, लेकिन पुलिस की ओर से ईमेल और फोन कॉल का जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद आज लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पीड़ित साहिल लोचव के साथ DCP कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
यह भी पढ़ें: 'राहुल के साथ धरने पर बैठीं प्रियंका गांधी' पैलेट गन मामले में FIR दर्ज न करने पर नाराज कांग्रेस नेता
