Rahul Gandhi Batman Poster: देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मुख्यालय के बाहर इन दिनों एक नया नजारा देखने को मिल रहा है। मुख्यालय के ठीक बाहर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें उन्हें 'रियल-लाइफ बैटमैन' (Real life Batman) के रूप में दिखाया गया है। इन पोस्टरों पर एक पंचलाइन भी लिखी गई है- "द साइलेंट गार्जियन, ए वॉचफुल प्रोटेक्ट"। एलओपी राहुल गांधी, द रियल-लाइफ बैटमैन।"
दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के बाहर राहुल गांधी का अनोखे अंदाज में लगा पोस्टर
यह पूरा घटनाक्रम हाल ही में राहुल गांधी द्वारा इंस्टाग्राम पर युवाओं और छात्रों के साथ किए गए एक 'आस्क मी एनीथिंग' (Ask Me Anything) सेशन से जुड़ा है। उस दौरान एक छात्र ने जब उनसे मजाकिया लहजे में पूछा था कि क्या वे बैटमैन हैं, तो राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया था, "बस इतना समझ लीजिए कि मुझे और बैटमैन को आज तक किसी ने एक कमरे में एक साथ नहीं देखा है।" उनका यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और मीम्स की बाढ़ आ गई थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'मोदी-योगी दें जवाब...देश गुस्से में', राष्ट्रगान के बीच यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के जाने का VIDEO वायरल, कांग्रेस ने घेरा
थाने के बाहर दिया धरना और सुप्रीम कोर्ट का बड़ा कदम
हालांकि, पोस्टरों के पीछे की वजह सिर्फ एक मजाक नहीं है। हाल ही में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान साहिल लोचव नाम के शख्स पर पेलेट गन का इस्तेमाल करने के आरोप लगे थे। इसके बाद राहुल गांधी, कांग्रेस नेताओं और साहिल लोचव के साथ संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठ गए और एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की। राहुल गांधी ने दोटूक कहा, "नो एफआईआर, नो जस्टिस। सो वी सिट।" उनके इस कड़े रुख के आगे झुकते हुए दिल्ली पुलिस को भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज करना पड़ा।
सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय टीम करेगी जांच
इस पूरे विवाद और प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई व हिंसा के आरोपों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने भी सख्त कदम उठाया है। शीर्ष अदालत ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति (HPEC) का गठन किया है। इस समिति में पूर्व मुख्य न्यायाधीश और पूर्व आईपीएस अधिकारी शामिल हैं, जो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच रिपोर्ट सौंपेंगे।
