Gagandeep Singh Randhawa Suicide Case: गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि यदि पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के एक अधिकारी की आत्महत्या के मामले में प्रदेश के सांसद पत्र लिखकर दें तो वह इस मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) जांच कराने का आदेश दे देंगे। सदन में शून्यकाल के दौरान कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने यह विषय उठाया।
गृह मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)
औजला ने की NIA जांच की मांग
गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि यह बहुत गंभीर मामला है कि इसकी जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) से कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के एक मंत्री की धमकी के बाद अधिकारी को खुदकुशी जैसा कदम उठाना पड़ा।
अमित शाह ने क्या कुछ कहा?
इस पर अमित शाह ने कहा, ''यह पंजाब का मामला है। यदि पंजाब के सांसद मुझे लिखकर दें तो मैं तुरंत सीबीआई जांच का आदेश दे दूंगा।'' खाद्य एवं प्रसंस्करण राज्य मंत्री बिट्टू ने कहा कि इस मामले पर पंजाब के सभी विपक्षी दल एकजुट हैं और अब जब गृह मंत्री ने आश्चासन दे दिया है तो पंजाब के सभी सांसदों को लिखकर सीबीआई जांच का आग्रह करना चाहिए।
क्या है पूरा मामला?
अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने शनिवार तड़के जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस बीच एक वीडियो सामने आया जिसमें उन्होंने कथित तौर पर राज्य के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर द्वारा उत्पीड़न का दावा किया। विवाद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर भुल्लर ने उसी दिन मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
पुलिस ने शनिवार रात भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (समान मंशा) के तहत मामला दर्ज किया।
