Mansa Murder Case: पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंद सिंह झोटा की हत्या के आरोपी के खिलाफ सड़कों पर रोष नजर आया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी की मेडिकल शॉप में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। वहीं, प्रशासन ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया। मानसा के मौजूदा हालातों को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
आरोपी के दुकान-मकान पर चला बुलडोजर
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, वीर नगर की एक गली में स्थित आरोपी अश्विनी कुमार के आवास के सामने वाले हिस्से को बुलडोजर से गिराया गया। पुलिस के मुताबिक, परिसर में कथित अवैध निर्माण की जानकारी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। इसके अलावा, घर से करीब 700 मीटर दूर स्थित मेडिकल शॉप पर भी बुलडोजर कार्रवाई हुई। इस दौरान, गुस्साई भीड़ ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और आरोपी के खिलाफ नारेबाजी भी की।
पंजाब में बंद का ऐलान
मानसा हत्याकांड के बाद गुरुवार को पंजाब बंद का ऐलान किया गया है। कई किसान संगठनों ने भी बंद का समर्थन किया है।
परविंदर सिंह झोटा की गोलीमार हत्या
कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा एक व्यक्ति को कुछ दवाएं बेचने को लेकर मेडिकल स्टोर संचालक से सवाल कर रहे थे। इस दौरान वह अपने मोबाइल फोन से बहस की रिकॉर्डिंग भी कर रहे थे, तभी उन्हें गोली मार दी गई। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, वीडियो में परविंदर सिंह झोटा को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने अपनी पिस्तौल निकाल ली और गोली चला दी। यह घटना वीडियो में रिकॉर्ड हो गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: JNU के बर्खास्त प्रोफेसर बिमोल अकोइजम को दिल्ली पुलिस का नोटिस, जांच में शामिल होने का निर्देश
परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से किया इनकार
हत्या के बाद मानसा में तनाव का पसरा हुआ है। परविंदर सिंह झोटा के समर्थकों ने आरोपी की मेडिकल शॉप में तोड़फोड़ की, जबकि परिजनों ने विरोध जताते हुए पार्थिक शरीर का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। इस घटना की विपक्षी नेताओं ने भी कड़ी निंदा की है।
