DMK के डिलिमिटेशन बिल को समर्थन देने के फैसले पर अभिनेता प्रकाश राज ने नाराजगी जताई है। क्या यह पीठ में छुरा घोंपने जैसा नहीं है? प्रकाश राज ने स्टालिन से परिसीमन (डिलिमिटेशन) पर DMK के समर्थन पर पुनर्विचार करने को कहा। सोमवार को संसद की बैठक से पहले, DMK द्वारा परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) के समर्थन में प्रस्ताव पारित करने के कुछ घंटों बाद ही प्रकाश राज की यह अपील सामने आई है।
DMK के समर्थन पर भड़के प्रकाश राज
प्रकाश राज ने शनिवार को DMK प्रमुख स्टालिन से आग्रह किया कि वे केंद्र के संशोधित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के अपने पार्टी के फैसले पर पुनर्विचार करें। उन्होंने कहा कि यह कदम DMK के उस इतिहास के खिलाफ है, जिसमें पार्टी ने हमेशा संघवाद (फेडरलिज्म) के लिए लड़ाई लड़ी है। उनकी यह अपील, सोमवार को संसद की बैठक से पहले DMK द्वारा विधेयक के समर्थन में प्रस्ताव पारित करने के कुछ घंटों बाद आई है।
'X' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में प्रकाश राज ने कहा, 'राष्ट्रहित में, कृपया परिसीमन विधेयक को दिए गए अपने समर्थन पर पुनर्विचार करें।' उन्होंने BJP समर्थित इस प्रस्ताव को 'बहुत खतरनाक' बताया और सवाल उठाया कि DMK, जिसने पहले इस प्रक्रिया को लेकर चिंताएं जताई थीं, अब इसका समर्थन करने के लिए क्यों तैयार है?
प्रकाश राज ने DMK पर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा, 'यह एक स्वार्थी फैसला है।' उन्होंने सीधे स्टालिन से अपील की कि वे पार्टी के रुख पर फिर से विचार करें।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: परिसीमन के मुद्दे पर अमित शाह के आवास पर DMK सांसदों की बैठक
DMK इस विधेयक का समर्थन क्यों कर रही है?
स्टालिन ने बताया कि केंद्र ने DMK की दो मांगों को लिखित रूप में स्वीकार कर लिया है। पार्टी चाहती है कि अगर लोकसभा का विस्तार होता है, तब भी तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी बनी रहे। साथ ही, राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा संतुलन अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रहे। संशोधित प्रस्ताव में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से लोकसभा और विधानसभा सीटों में एक समान 50 प्रतिशत की वृद्धि करने का सुझाव दिया गया है। इसके तहत, सीटों का नया आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2051 तक लागू रहेंगी।
सीटों की संख्या 543 से बढ़कर लगभग 815 हो जाएगी
अप्रैल में, केंद्र के पिछले संवैधानिक संशोधन के खिलाफ लोकसभा में DMK के सभी 22 सांसदों ने वोट दिया था। इस बार उनका समर्थन काफी अहम साबित हो सकता है, क्योंकि BJP के नेतृत्व वाली सरकार को सदन में मौजूद और वोट देने वाले सांसदों के बीच दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। संशोधित विधेयक में हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है। इससे लोकसभा में निर्वाचित सीटों की संख्या 543 से बढ़कर लगभग 815 हो जाएगी।
