Rahul Gandhi News: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-63 थाने में एक पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता सिमरन गुप्ता ने राहुल गांधी पर हिंदुओं और सनातन धर्म को लेकर बार-बार कथित रूप से अपमानजनक और भड़काऊ बयान देने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की है।
राहुल गांधी के खिलाफ नोएडा में शिकायत (फोटो- rahulgandhi)
ये भी पढ़ें- असमंजस में हैं या फिर कोई 'बेहद खतरनाक' योजना बना रहे हैं- संसद सत्र को लेकर सरकार पर भड़की कांग्रेस
शिकायत में उल्लिखित मुख्य आरोप और बयान
21 नवंबर को सेक्टर-63 थाने में दी गई इस शिकायत में शिकायतकर्ता सिमरन गुप्ता ने राहुल गांधी के वर्ष 2014, 2021 और 2024 में दिए गए चार प्रमुख बयानों का हवाला दिया है। शिकायत में उस कथित बयान का उल्लेख किया गया है, जिसमें मंदिर जाने वालों को महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों से जोड़ा गया था।
शिकायतकर्ता ने 2021 में दिए गए उस बयान को भी आधार बनाया है, जिसमें 'हिंदू और हिंदुत्ववादियों को बाहर निकालना है' जैसी टिप्पणी की गई थी। इसके अतिरिक्त, 2024 में संसद के भीतर हिंदुओं को कथित तौर पर हिंसा, नफरत और असत्य से जोड़ने वाले बयान का भी शिकायत में जिक्र किया गया है।
धार्मिक भावनाएं आहत होने का दावा और कानूनी धाराओं की मांग
शिकायतकर्ता सिमरन गुप्ता के अनुसार, राहुल गांधी के इन बयानों से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका पैदा हुई है। शिकायत में पुलिस से मांग की गई है कि इन बयानों की मूल रिकॉर्डिंग और उनके पूरे संदर्भ की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, शिकायतकर्ता ने राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1)(a), 299, 302, 352 और 353(2) के तहत FIR दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।
