PM Modi in MP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन पर मध्य प्रदेश पहुंचे हैं। उनके द्वारा धार में एक जनसभा को संबोधित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह नया भारत है, यह किसी की परमाणु धमकी से डरता नहीं है। वहीं, उन्होंने देश में महिलाओं और बच्चों के लिए अब तक का सबसे बड़ा स्वास्थ्य अभियान शुरू किया है। पीएम मोदी द्वारा 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार' और '8वें राष्ट्रीय पोषण माह' का शुभारंभ किया गया है।
मप्र के धार में पीएम मोदी की रैली
परमाणु धमकी से डरता नहीं है नया भारत: मोदी
धार में अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि हमारे वीर जवानों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। पाकिस्तान से आए आतंकी ने हमारी बहनों बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था। अभी कल ही देश और दुनिया ने देखा है एक आतंकी ने अपना हाल रो-रो कर बताया। ये नया भारत है, ये किसी की परमाणु धमकी से डरता नहीं है। घर में घुसकर मारता है।
17 सितंबर एक और ऐतिहासिक दिन
एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'आज, 17 सितंबर, एक और ऐतिहासिक दिन है। इस दिन, राष्ट्र ने सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति देखी। भारतीय सेना ने हैदराबाद को आजाद कराया और उसके अधिकारों की रक्षा की। दशकों बीत गए, लेकिन किसी ने इस उपलब्धि का जश्न नहीं मनाया। लेकिन हमारी सरकार ने इस घटना को अमर बना दिया। हमने इस दिन को हैदराबाद मुक्ति दिवस के रूप में मनाना शुरू किया...'
पीएम मित्र पार्क का भी उद्घाटन किया
2,150 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले इस पार्क में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, सौर ऊर्जा प्लांट, आधुनिक सड़कें आदि शामिल हैं, जो इसे एक आदर्श औद्योगिक नगरी बनाएगा। इससे क्षेत्र के कपास उत्पादकों को भी काफी लाभ होगा क्योंकि इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और उन्हें उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पैसे ट्रांसफर
वहीं, अपने जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत देशभर की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे धनराशि ट्रांसफर की। वहीं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए सुमन सखी चैटबॉट का शुभारंभ किया ग.ा और 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार' तथा ‘8वें राष्ट्रीय पोषण माह’ अभियान का भी शुभारंभ किया।
'आपका बेटा धार आया था'
सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने कहा, 'आज, मैं अपनी माताओं और बहनों से कुछ मांगने आया हूं... मैं बस इतना कहता हूं कि आप सभी बिना किसी हिचकिचाहट के इन शिविरों (स्वस्थ नारी सशक्त परिवार) में शामिल हों। इन शिविरों में सभी परीक्षण निःशुल्क हैं। कोई शुल्क नहीं होगा। परीक्षण और दवाइयां मुफ्त होंगी, राज्य का खजाना आपके स्वास्थ्य से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है और आयुष्मान कार्ड आपको आगे के इलाज में सहायता करेगा। यह अभियान आज से शुरू होकर 2 अक्टूबर को विजयादशमी तक जारी रहेगा। कृपया अपने स्वास्थ्य के लिए कुछ समय निकालें। लाखों शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कृपया जितना हो सके उनमें शामिल हों...सभी माताओं और बहनों से कहें 'आपका बेटा धार आया था'।
हमारी माताओं और बहनों को समर्पित योजनाएं
पीएम मोदी ने कहा, 'विकसित भारत यात्रा के चार स्तंभ हैं: महिलाएं, युवा, गरीब और किसान। आज इन चारों से जुड़ी योजनाएं राष्ट्र को समर्पित की गई हैं... हमारी नारी शक्ति हमारे राष्ट्र की प्रगति का आधार है। अगर मां स्वस्थ रहती है, तो पूरा घर स्वस्थ रहता है। अगर मां बीमार पड़ जाती है, तो पूरे परिवार की व्यवस्था चरमरा जाती है। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान हमारी माताओं और बहनों को समर्पित है...'
