PM Modi SRCC Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रसिद्ध श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शिरकत की और अपने अनूठे संबोधन से युवाओं का दिल जीत लिया। करीब 13 साल बाद इस ऐतिहासिक मंच पर वापस लौटे पीएम मोदी ने आज की युवा पीढ़ी (Gen-Z) से सीधे जुड़ने के लिए 'OG' (ओरिजनल गैंगस्टर यानी असली दिग्गज) और 'धुरंधर' जैसे ट्रेंडी शब्दों का खुलकर प्रयोग किया।
SRCC में पीएम मोदी का दिखा कूल अंदाज (फोटो: X/@BJP4India)
छात्रों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि SRCC के पूर्व छात्रों ने देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत का परचम लहराया है। युवाओं की ही भाषा में कहें तो इस कॉलेज के छात्र असली 'OGs' हैं, जो भले ही हर बार पारंपरिक धुरंधर न दिखें, लेकिन उन्होंने अपनी लगन से हर क्षेत्र में धूम मचाई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: क्या बदलेगा 500 साल पुराना दुनिया का नक्शा? UNGA में 164 देशों का साथ, भारत-चीन-रूस-पाक एकजुट; अमेरिका अलग-थलग
पीएम ने अपने अंदाज में विपक्ष पर बोला हमला
अपने भाषण में पीएम मोदी ने राजनीतिक विरोधियों और आलोचकों पर भी अपनी चिरपरिचित शैली में हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब भी भारत विकास के रास्ते पर आगे बढ़ता है या स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, हाई-स्पीड ट्रेन, यूआईडी/यूपीआई और नई संसद भवन जैसे राष्ट्रीय हित के बड़े कदम उठाता है, तो विपक्ष के 'नाराज फूफा' उसमें अड़ंगा लगाने की कोशिश करते हैं। लेकिन आज का भारत ऐसे सभी रोड़ों को पार करते हुए आगे बढ़ रहा है और देश हित में जो जरूरी है, उसे करने से भारत को कोई रोक नहीं सकता।
आज भारत आर्थिक और सामाजिक रूप से कहीं अधिक मजबूत-प्रधानमंत्री
पीएम मोदी ने 2013 के अपने ऐतिहासिक भाषण को याद करते हुए कहा कि उस समय देश महंगाई, घोटालों और निराशा के दौर से गुजर रहा था और भारत को 'फ्रेजाइल फाइव' (कमजोर अर्थव्यवस्थाओं) में गिना जाता था। तब उन्होंने गिलास में आधे पानी और आधी हवा का उदाहरण देकर देश को उम्मीद की किरण दिखाई थी। देश की मौजूदा स्थिति का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि आज भारत आर्थिक और सामाजिक रूप से कहीं अधिक मजबूत है।
लेकिन इस प्रगति को देखकर कुछ लोगों की बौखलाहट बढ़ गई है। पीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसे ही लोगों के लिए उन्होंने 'दिमागी नक्सल' वाली होम्योपैथी की खुराक दी थी। जैसे होम्योपैथी की गोली बीमारी को पहले बाहर उभारती है और फिर उसका इलाज करती है, ठीक वैसे ही उस बयान के बाद सारे दिमागी नक्सल खुद-ब-खुद सामने आने लगे हैं।
