पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री ऋषि सुनक (Rishi Sunak) ने बात की। बातचीत के बाद उन्होंने ट्वीट किया कि आज ऋषि सुनक से बात करके खुशी हुई। यूके के पीएम के रूप में कार्यभार संभालने पर उन्हें बधाई दी। हम अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे। हम एक व्यापक और संतुलित एफटीए के शीघ्र निष्कर्ष के महत्व पर भी सहमत हुए।
यूके के पीएम ऋषि सुनक से पीएम मोदी ने की बात
Glad to speak to @RishiSunak today. Congratulated him on assuming charge as UK PM. We will work together to further… t.co/S4Vm8n53TI
— ANI (@ANI) Oct 27, 2022
इसके बाद ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक ने ट्वीट कर अपनी नई भूमिका में शुरू करने पर पीएम मोदी द्वारा दी गई बधाई के लिए उन्हें थैक्यू कहा। साथ ही उन्होंने कहा कि यूके और भारत बहुत कुछ साझा करते हैं। मैं इस बात से उत्साहित हूं कि हमारे दो महान लोकतंत्र और क्या हासिल कर सकते हैं क्योंकि हम अपनी सुरक्षा, रक्षा और आर्थिक साझेदारी को आने वाले महीने और साल में और मजबूत कर सकते हैं।
42 वर्षीय ऋषि सुनक ने दिवाली से एक दिन पहले ब्रिटेन का भारतीय मूल का पहला प्रधानमंत्री बन कर इतिहास रचा। सुनक ने लंदन में प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट में बुधवार रात आयोजित दिवाली समारोह में हिस्सा लिया। सुनक ने ट्वीट किया कि 10 डाउनिंग स्ट्रीट में आयोजित दिवाली समारोह में शिरकत कर बहुत खुशी महसूस हो रही है। मैं इस पद (प्रधानमंत्री पद) पर रहते हुए एक ऐसे ब्रिटेन के निर्माण के लिए हर संभव कोशिश करूंगा, जहां हमारे बच्चे और हमारे पोते-पोतियां अपने दीये जला सकें और भविष्य को आशा के साथ देख सकें।
ऋषि सुनक ने मंगलवार को भारतीय मूल के पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्हें दिवाली के दिन कंजर्वेटिव पार्टी का निर्विरोध नया नेता चुना गया था। ब्रिटेन के पूर्व वित्त मंत्री सुनक हिंदू हैं और वह पिछले 210 साल में ब्रिटेन के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री हैं। दोनों नेताओं के बीच टेलीफोन पर वार्ता ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली की भारत यात्रा से ठीक एक दिन पहले हुई।
क्लेवरली शुक्रवार को भारत पहुंचेंगे। वह मुंबई में शुक्रवार को 2008 में ताज पैलेस होटल में हुए आतंकवादी हमले में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देंगे।
वह शनिवार को नई दिल्ली जायेंगे जहां वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद-आतंकवाद निरोधक समिति (यूएनएससी-सीसीटी) की विशेष बैठक में हिस्सा लेंगे।
नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर अपने ब्रिटिश समकक्ष से बैठक से इतर चर्चा कर सकते हैं।
क्लेवरली ने कहा कि भारत के साथ हमारे संबंध मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में, भारत हिंद-प्रशांत में ब्रिटेन के लिए एक स्वाभाविक भागीदार है। यह एक आर्थिक और तकनीकी शक्ति है। हमारे मजबूत संबंध हमारी दोनों अर्थव्यवस्थाओं को बढ़ावा देंगे और वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में मदद करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को सुनक को ब्रिटेन का नया प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी थी और कहा था कि वह वैश्विक मुद्दों पर साथ मिलकर काम करने तथा रोडमैप 2030 को लागू करने को लेकर उत्सुक हैं। मोदी ने एक ट्वीट में कहा था कि ऋषि सुनक को हार्दिक बधाई! चूंकि आप ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं, मैं वैश्विक मुद्दों पर एक साथ मिलकर काम करने और रोडमैप 2030 को लागू करने के लिए उत्सुक हूं। ब्रिटिश भारतीयों के ‘जीवंत सेतु’ को दिवाली की विशेष शुभकामनाएं। हमने ऐतिहासिक संबंधों को आधुनिक साझेदारी में बदला है।
भारत और ब्रिटेन ने जनवरी में मुक्त व्यापार समझौते के लिए बातचीत शुरू की थी और दिवाली तक वार्ता समाप्त किये जाने का उद्देश्य था, लेकिन मुद्दों पर आम सहमति की कमी के कारण समय सीमा चूक गई। सुनक के अब प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ में जाने के साथ भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार सौदे को बहुत जरूरी गति मिलने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार, ब्रिटेन में राजनीतिक स्थिरता अब समझौते के लिए वार्ता को तेज करने में मदद करेगी, जो संभावित रूप से 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना कर सकती है।
