ICC Under 19 World Cup 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित अन्य दिग्गजों ने टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत की बधाई दी।
विश्व विजेता बनी अंडर-19 टीम इंडिया (फोटो साभार: @BCCI)
भारत ने छठी बार जीता खिताब
क्रिकेट के नए 'वंडरकिड' वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 विश्व कप के इतिहास की शायद सबसे प्रभावशाली पारी खेली जिससे भारत ने शुक्रवार को हरारे में खेले गए फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर छठा खिताब अपने नाम किया। इससे पहले, टीम इंडिया ने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में आईसीसी ट्रॉफी जीती थी।
PM मोदी ने दी बधाई
पीएम मोदी ने टीम इंडिया को जीत की बधाई दी। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भारत का क्रिकेट टैलेंट फिर चमका! हमारी अंडर-19 टीम ने वर्ल्ड कप जीतकर देश का नाम रोशन किया है। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार खेल और बेहतरीन हुनर दिखाया। यह जीत कई युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। सभी खिलाड़ियों को उनके आने वाले मैचों के लिए शुभकामनाएं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आपका धैर्य, निडरता और मजबूत इरादा ही आज भारत की Gen Z की पहचान है। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''हमारी अंडर-19 पुरुष टीम को शानदार वर्ल्ड कप जीत पर दिल से बधाई! आपका धैर्य, निडरता और मजबूत इरादा ही आज भारत की Gen Z की पहचान है। यह छठा अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का बड़ा संकेत है। बहुत बढ़िया खेला, चैंपियंस!''
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, ''आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप की ऐतिहासिक जीत के लिए भारतीय टीम को बहुत-बहुत बधाई। छठी बार यह खिताब जीतकर हमारे युवाओं ने अपनी शानदार प्रतिभा और समर्पण का परिचय दिया है। यह जीत युवा भारत के अद्भुत साहस और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। पूरी टीम को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई।''
'मजबूत हाथों में है भारतीय क्रिकेट का भविष्य'
बीसीसीआई प्रमुख मिथुन मन्हास ने विश्व विजेता टीम को जीत की बधाई दी। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर हमारी इंडिया U-19 टीम पर बेहद गर्व है! यह जीत कई महीनों की मेहनत, शानदार टीमवर्क और इन युवा खिलाड़ियों की निडर क्रिकेट का नतीजा है। दबाव भरे पलों से लेकर मैच जिताने वाले प्रदर्शन तक, टीम ने विश्व मंच पर बेहतरीन समझदारी और मजबूत हौसला दिखाया। सभी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट टीम को दिल से बधाई, जिन्होंने इस प्रतिभा को निखारा और भारत की समृद्ध क्रिकेट परंपरा को आगे बढ़ाया। भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित और मजबूत हाथों में है।''
