Sankalp Saptah : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को एक बार फिर प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम पहुंचे और 'संकल्प सप्ताह' का उद्घाटन किया। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए ब्लॉक स्तर पर प्रशासन में सुधार करना है। इसे देश के 329 जिलों के 500 आकांक्षी ब्लॉकों में लागू किया जा रहा है। भारत मंडपम में पंचायत और ब्लाक स्तर के प्रतिनिधि पहुंचे हैं।
जनवरी में हुई कार्यक्रम की शुरुआत
इससे पहले पीएम मोदी ने X पर अपने पोस्ट में कहा कि वह आज सुबह 10 बजे 'संकल्प सप्ताह' में शामिल होंगे। इस प्रयास से आकांक्षी ब्लाकों में रहने वाले लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार आएगा। सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम को आकांक्षी ब्लाक प्रोग्राम (ABP) को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। पीएम ने कार्यक्रम की शुरुआत इस साल जनवरी में की।
हर रोज अलग-अलग थीम
'संकल्प सप्ताह' कार्यक्रम को देश देश के 329 जिलों के 500 आकांक्षी ब्लाक में लागू किया गया है। इसका लक्ष्य लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए ब्लाक स्तर पर प्रशासन में सुधार करना है। ‘संकल्प सप्ताह’ में प्रत्येक दिन एक विशिष्ट विकास थीम को समर्पित है। पहले छह दिनों की थीम में ‘संपूर्ण स्वास्थ्य’, ‘सुपोषित परिवार’, ‘स्वच्छता’, ‘कृषि’, ‘शिक्षा’ और ‘समृद्धि दिवस’ शामिल हैं।
