PM Modi in Chennai: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में रविवार को कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय भी मौजूद रहे। इस दौरान, पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज के कार्यक्रम में 13,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं। यह तमिलनाडु के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। हम कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं और नई परियोजनाओं की नींव रख रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में कई परियोजनाओं का उद्धाटन एवं शिलान्यास किया।
PM मोदी ने नवरात्रि की दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने कहा, ''आज से नवरात्रि के पावन पर्व का शुभारंभ हो रहा है। नवरात्रि का ये पुण्य अवसर और शिव के साथ-साथ शक्ति की पवित्र भूमि तमिलनाडु और इस कार्यक्रम में आने से पहले मुझे जलकंडेश्वर मंदिर में भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य भी मिला है। मैं तमिलनाडु की तीर्थ भूमि से सभी देशवासियों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।''
उन्होंने कहा कि अभी कुछ देर पहले आईआईटी मद्रास में मुझे वहां के ब्रेन रिसर्च सेंटर में जाने का अवसर मिला है। इस फील्ड में होने वाली रिसर्च पब्लिक हेल्थ की फील्ड में अनेक नए अवसर पैदा कर सकती है। इस विजिट के अलावा मुझे चेन्नई मेट्रो के एक और स्ट्रेच को भी जनता को समर्पित करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि मंदिर से लेकर मेट्रो तक, तमिलनाडु के ये अनुभव भारत की भावना को दिखाते हैं। भारत अपनी सांस्कृतिक शक्ति से ताकत और प्रेरणा लेता है, विज्ञान की प्रगति से हम आगे बढ़ रहे हैं और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए नए अवसरों का निर्माण हो रहा है। हमारी विरासत से कि हमारी आकांक्षाएं साथ-साथ आगे बढ़ रही हैं।
सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर राष्ट्र को समर्पित
पीएम मोदी ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास में सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर (SGBC) भी राष्ट्र को समर्पित किया। एसजीबीसी एक अग्रणी वैश्विक वैज्ञानिक पहल है, जिसके तहत भ्रूण अवस्था से लेकर वृद्धावस्था तक मानव जीवन के विभिन्न चरणों में 100 से अधिक मानव मस्तिष्कों के कोशिकीय स्तर पर त्रि-आयामी एटलस तैयार किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने ’सी-स्ट्रोक’ नामक इस्केमिक स्ट्रोक का एक विशिष्ट एटलस भी जारी किया। इसमें स्ट्रोक से प्रभावित मस्तिष्क के सूक्ष्म स्तर पर लिए गए 1,000 से अधिक चिह्नित चित्र शामिल हैं। इससे दुनियाभर के शोधकर्ताओं को उपचार के नए लक्ष्य पहचानने में मदद मिलेगी। इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनमल्ली-वडपलानी खंड का उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री विजय ने संयुक्त रूप से मेट्रो की नई सेवाओं को हरी झंडी दिखाई और मेट्रो ट्रेन में यात्रा भी की। नई सेवाएं मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के कॉरिडोर चार के अंतर्गत आती हैं। उद्घाटन किए गए इस खंड में लगभग 15 किलोमीटर की दूरी में कुल 11 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन हैं।
