PM Modi Assam Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को असम पहुंचे, जहां उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया और किसानों व चाय बागान श्रमिकों को बड़ी सौगातें दीं।
पीएम मोदी ने असम से कांग्रेस पर साधा निशाना।
वहीं, शनिवार को उन्होंने सिलचर में एक जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने पूर्वोत्तर को उसके हाल पर छोड़ दिया था, जिसके कारण बराक वैली का विकास लंबे समय तक प्रभावित रहा।
पीएम मोदी ने कहा कि जब देश आजाद हुआ, तब सीमाएं इस तरह खींची गईं कि बराक घाटी का समुद्र से जुड़ा अहम संपर्क पूरी तरह टूट गया। उन्होंने कहा कि कभी व्यापारिक मार्ग और औद्योगिक केंद्र के रूप में पहचान रखने वाली बराक वैली की ताकत ही छीन ली गई।
बराक घाटी के विकास पर काम कर रही बीजेपी: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद दशकों तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन बराक घाटी के विकास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि अब बीजेपी की डबल इंजन सरकार इस स्थिति को बदलने में जुटी है और बराक घाटी को फिर से व्यापार और वाणिज्य का बड़ा केंद्र बनाने के लिए काम किया जा रहा है।
इस दौरान पीएम मोदी ने लगभग 24 हजार करोड़ रुपये की लागत वाले शिलांग-सिलचर हाई स्पीड कॉरिडोर (Shillong–Silchar High‑Speed Corridor) के लिए भूमि पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी और व्यापार को नई रफ्तार देगी।
24 हजार करोड़ नहीं लिख पाएंगे कांग्रेस नेता: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस के नेताओं को एक कागज और पेन दे दीजिए और उनसे कहिए कि 24 हजार करोड़ लिख दें, वे शायद इतना भी नहीं लिख पाएंगे।”
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि चाहे सड़कें हों, रेलवे हों या कॉलेज, इनमें से प्रत्येक परियोजना बराक घाटी को उत्तर पूर्व के लिए एक प्रमुख रसद और व्यापार केंद्र में बदलने के लिए तैयार है। परिणामस्वरूप, इससे इस क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अनगिनत अवसर पैदा होंगे। मैं इन विभिन्न विकास परियोजनाओं पर आप सभी को हार्दिक बधाई देता हूं।"
