India US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को और मज़बूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल 22 सितंबर को अमेरिका दौरे पर जाएगा। इस यात्रा की पुष्टि वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को की। अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदारों में से एक है और हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध लगातार गहराते रहे हैं।
पीयूष गोयल 22 सितंबर को व्यापार वार्ता के लिए अमेरिका जाएंगे (फोटो- PTI)
ये भी पढ़ें- एच-1बी वीजा शुल्क में भारी बढ़ोतरी पर भारत सरकार सक्रिय, आईटी उद्योग और अमेरिकी प्रशासन से बातचीत जारी
कई अधिकारी रहेंगे साथ
मंत्रालय के अनुसार, इस उच्चस्तरीय दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते की दिशा में चर्चाओं को आगे बढ़ाना है। इस दौरान मंत्री गोयल के साथ मंत्रालय में विशेष सचिव राजेश अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। वाणिज्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “इन चर्चाओं के क्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल 22 सितंबर 2025 को अमेरिका का दौरा कर रहा है।”
अमेरिकी दल आया था भारत
इससे पहले, अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय के अधिकारियों का एक दल 16 सितंबर 2025 को भारत आया था। उस दौरान दोनों पक्षों के बीच व्यापार समझौते के विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक चर्चा हुई थी और वार्ता प्रक्रिया को तेज करने पर सहमति बनी थी।
किन मुद्दों पर होगी बातचीत
माना जा रहा है कि इस यात्रा में निवेश, बाजार पहुंच, सेवा क्षेत्र, और व्यापार अवरोधों को कम करने जैसे अहम मुद्दों पर वार्ता हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह वार्ता सफल रहती है तो भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में नई गति आएगी और दोनों देशों के उद्योगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
