Hijab Controversy Row: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने शुक्रवार को श्रीनगर में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ शिकायत दी। उन्होंने नीतीश कुमार पर मुस्लिम समुदाय खासकर महिलाओं की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती (फोटो साभार: @IltijaMufti_)
क्या है पूरा मामला?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश ने सोमवार को पटना में मुख्यमंत्री सचिवालय में एक कार्यक्रम के दौरान आयुष डॉक्टर का हिजाब खींचा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है और इस मसले को लेकर सियासत भी गर्मा गई। यह घटना उस वक्त हुई जब आयुष डॉक्टर अपने अपॉइंटमेंट लेटर लेने के लिए एकत्रित हुए थे। इसी दौरान जब महिला आयुष डॉक्टर नुसरत परवीन अपना लेटर लेने के लिए स्टेज पर आई तो नीतीश कुमार ने उनका 'नकाब' देखा और कहा- 'यह क्या है' और फिर उसे हटा दिया।
इल्तिजा ने कहां दर्ज कराई शिकायत
इल्तिजा मुफ्ती ने शुक्रवार को श्रीनगर के कोठीबाग पुलिस थाने में नीतीश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में इल्तिजा ने कहा, ''मैं आपका ध्यान एक घृणित घटना की ओर आकर्षित करने के लिए लिख रही हूं, जिसने मुस्लिमों, खासकर महिलाओं को आहत किया है।''
उन्होंने अपनी शिकायत में कहा, ''कुछ दिन पहले, हमने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक सरकारी कार्यक्रम में सबसे सामने एक युवा मुस्लिम डॉक्टर नुसरत परवीन का हिजाब खींचते हुए देखा, जिससे हम सदमे, भय और चिंता में डूब गए। स्थिति और भी बदतर हो गई जब आसपास मौजूद लोगों, जिनमें बिहार के उपमुख्यमंत्री भी शामिल थे, ने हंसते हुए यह सब देखा। उनका नकाब जबरदस्ती उतारना न केवल एक मुस्लिम महिला पर क्रूर हमला है, बल्कि हर भारतीय महिला की स्वायत्तता, पहचान और गरिमा पर भी हमला है।''
निष्पक्ष जांच की मांग
इल्तिजा ने पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की करें।
