अब केरल कहलाएगा 'केरलम', संसद के दोनों सदनों से मिली मंजूरी; ध्वनिमत से हुआ पारित

संसद के दोनों सदनों से मंजूरी मिलने के बाद अब केरल का आधिकारिक नाम बदलकर 'केरलम' किए जाने का रास्ता साफ हो गया है। राज्यसभा ने बुधवार को 'केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026' को चर्चा के बाद वॉइस वोट से पारित कर दिया, जबकि लोकसभा इसे पहले ही मंजूरी दे चुकी है।

Kerala Name Change: संसद ने केरल का नाम बदलकर 'केरलम' (Keralam) करने के प्रावधान वाले एक विधेयक को बुधवार को मंजूरी दे दी। राज्यसभा ने 'केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 पर हुई चर्चा एवं गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के जवाब के बाद इसे ध्वनिमत यानी वॉइस वोट से पारित कर दिया। लोकसभा ने इसे मंगलवार को ही पारित कर दिया था। उच्च सदन में, विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि केरल विधानसभा ने 2024 में एक संकल्प पारित कर केंद्र सरकार से अपील की थी कि संविधान के अनुच्छेद 3 के अनुसार राज्य का नाम बदलकर केरलम करने के लिए तत्काल कदम उठाया जाए।

Kerala Name Change

बदल गया केरल का नाम

मलयालम भाषा में राज्य का नाम केरलम

नित्यानंद राय ने कहा, "केरल सरकार ने बताया कि मलयालम भाषा में राज्य का नाम केरलम है लेकिन संविधान की पहली अनुसूची में इसे केरल दर्ज किया गया है।" उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि गुलामी के सभी प्रतीकों, संस्थानों के नामों, संकेतों या उन लोगों की मूर्तियों को हटाया जाए जो बार-बार भारतीयों के दिलों को आहत करते हैं और उन सभी चीजों, संकेतों या कार्यों को स्थापित किया जाए जो भारत की विरासत के गौरव का प्रतिनिधित्व करते हैं। चर्चा का जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य का नाम केरल से बदलकर 'केरलम' करने का प्रस्ताव न केवल राज्य के लोगों के लिए, बल्कि सभी भारतीयों के लिए गर्व की बात है। "जब हम 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की बात करते हैं, तो हम देश की भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और कलाओं की समृद्ध विविधता का जश्न मनाते हैं। भले ही ये अलग-अलग प्रतीत हों, लेकिन साथ मिलकर वे एक संयुक्त भारत की भावना को दर्शाते हैं।"

End of Feed