Musadik Masood Malik on Terrorism: आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद पर कोई भी चर्चा सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। अगर स्थायी समाधान चाहिए, तो उकसाने वाली बातों से नहीं, बल्कि सबूतों के आधार पर आगे बढ़ना होगा। मलिक ने कहा, हम कई मंचों पर कह चुके हैं कि सबूत द्विपक्षीय रूप से पेश किए जा सकते हैं। हमने यह भी सुझाव दिया है कि इसे बहुपक्षीय तरीके से भी संभाला जा सकता है। आप अपने सबूत लाइए और हम अपने सबूत लाएंगे।
मुसादिक मसूद (फोटो साभार- ANI)
मुसादिक मसूद का बयान आया सामने
उन्होंने कहा कि पूरा क्षेत्र आतंकवाद की चपेट में है और इसे सामूहिक रूप से सुलझाना चाहिए। हजारों पाकिस्तानी लोग चरमपंथ और आतंकवाद का शिकार हुए हैं और पाकिस्तान अपने नागरिकों की सुरक्षा पर ध्यान दे रहा है। मलिक ने कहा, इस मुद्दे को सुलझाने का केवल एक ही तरीका है। हमें सभी सबूत और तथ्य पारदर्शी तरीके से एक-दूसरे के सामने रखने चाहिए। एक ऐसा मंच बनाना चाहिए, जहां ये सबूत सामने लाए जा सकें और हर मुद्दे को उसी आधार पर सुलझाया जा सके।
उन्होंने कहा कि पूरा क्षेत्र इस संकट में फंसा है। अगर आतंकवाद से निपटने में किसी का सबसे ज्यादा हित है, तो वह पाकिस्तान का है। इसलिए पाकिस्तान चाहता है कि सब कुछ सबूतों के आधार पर सामने लाया जाए, ताकि सभी मिलकर आतंकवाद का सामना कर सकें। बता दें कि यह बयान तब आया है, जब भारत पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाता रहा है। भारत का कहना है कि पाकिस्तान अपनी जमीन से आतंकी गतिविधियों को रोकने में नाकाम रहा है। सीमा पार से आतंकवाद भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- न अखिलेश, न शिवपाल कांग्रेस संग सीट शेयरिंग पर ये चार नेता करेंगे बात
भारत ने कई बार सौंपे सबूत
भारत की ओर से कई बार पाकिस्तान को आतंकी ठिकानों के नाम व सबूत सौंपे गए हैं। भारत का कहना है कि पाकिस्तान सबूतों पर कार्रवाई के बजाय सिर्फ बयानबाजी करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान की बातें नई नहीं हैं। भारत का रुख साफ है कि बातचीत तभी होगी, जब आतंकवाद पर ठोस कार्रवाई हो।
