Pakistani Citizen Arrested At Border: सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पंजाब के गुरदासपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से एक पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा है। शख्स पर भारत की सीमा में घुसपैठ करने का आरोप है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सांकेतिक तस्वीर
अधिकारियों ने बताया कि दरिया मंसूर की सीमा चौकी (BOP) साहपुर के क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात BSF जवानों ने तीन मई की रात को सीमा बाड़ से आगे और भारतीय क्षेत्र में लगभग 250 मीटर के अंदर फल्कू नाला के पास संदिग्ध गतिविधियां देखीं। जानकारी के मुताबिक जवानों ने अज्ञात व्यक्ति झाड़ियों के पीछे छिपा दिखा जिसकी पहचान पाकिस्तानी नागरिक के रूप में हुई।
अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्विक रिस्पॉन्स टीम) के साथ मिलकर इलाके की घेराबंदी की और देर रात पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि व्यक्ति की पहचान गुजरांवाला के एक गांव के रहने वाले 24 वर्षीय हसनैन पुत्र मुहम्मद अजमल के रूप में हुई है। उसे पकड़ लिया गया है और प्रारंभिक पूछताछ के लिए उसे सीमा चौकी लाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि उसके पास से पाकिस्तान की कुछ मुद्रा और एक पहचान पत्र बरामद किया गया। बीएसएफ कर्मियों की पूछताछ में पता चला कि वह अनजाने में सीमा पार कर गया था और उसके पास से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। मामले की जांच जारी है।
बीएसएफ ने पिछले सप्ताह राजस्थान में भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक पाकिस्तानी रेंजर को पकड़ा था।
पाकिस्तानी रेंजर और उक्त नागरिक को ऐसे समय में पकड़ा गया है जब करीब दो सप्ताह पहले पाकिस्तानी रेंजर्स ने बीएसएफ के एक जवान को पकड़ लिया था। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच ये सारी घटनाएं हुई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीएसएफ ने पाकिस्तानी युवक को पुलिस के सौंप दिया है। पंजाब पुलिस अब इस मामले की जांच करेगी और पता लगाएगी कि क्या यह युवक किसी संभावित साजिश का हिस्सा तो नहीं है।
