बीजेपी नेता अमित मालवीय ने एक वीडियो को ट्वीट कर आरोप लगाया है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए हैं। वहीं कांग्रेस ने इसे यात्रा को बदनाम करने की साजिश बताया है।
एक वीडियो को शेयर करते हुए अमित मालवीय ने ट्विटर पर लिखा- "खरगोन में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने वीडियो पोस्ट किया और फिर गलती सामने आने के बाद इसे हटा दिया।"
After Richa Chaddha’s public application to join Rahul Gandhi’s Bharat “Jodo” Yatra, “Pakistan Zindabad” (listen to… t.co/TLzGjQ62a9
— ANI (@ANI) Nov 25, 2022
वहीं मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी इसे लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- "भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है। पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है? पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।"
वहीं इस वीडियो को लेकर कांग्रेस ने भी भाजपा पर पलटवार किया है। कांग्रेस ने कहा है कि यह यात्रा को बदनाम करने की साजिश है। आरोपों का जवाब देते हुए, कांग्रेस के संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा- "भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम करने के लिए भाजपा के डर्टी ट्रिक्स विभाग द्वारा एक एडिटेड वीडियो शेयर किया जा रहा है। हम तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। हम इस तरह की रणनीति के लिए तैयार हैं।"
बता दें कि वीडियो को बीजेपी के कई नेताओं ने अपने सोशल मीडिया पेज पर शेयर किया है। वीडियो में राहुल गांधी मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ और पार्टी के अन्य समर्थकों के साथ चलते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान पाकिस्तान वाली बात सुनाई दे रही है।
