Digvijaya Singh Organisation Row: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने रविवार को आरएसएस और भाजपा की संगठनात्मक शक्ति की प्रशंसा करने वाले दिग्विजय सिंह के विचारों का समर्थन करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत किए जाने की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर कोई दो राय नहीं हो सकती है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और शशि थरूर (फोटो साभार: PTI/ANI)
कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित पार्टी के 140वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान शशि थरूर और दिग्विजय सिंह एक साथ नजर आए और दोनों के बीच बातचीत भी हुई।
दिग्विजय सिंह के कौन से बयान पर हो रही चर्चा?
कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक से पहले शनिवार को दिग्विजय सिंह ने आरएसएस-भाजपा की संगठनात्मक मजबूती की प्रशंसा करते हुए एक पुरानी तस्वीर शेयर की थी जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी नजर आ रहे थे। उस पोस्ट में पीएम मोदी को एक जमीनी कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा के बारे में चर्चा की गई।
दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजूबत करने का भी मुद्दा उठाया था और कहा था कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए यह बेहद जरूरी है।
वहीं, एक दिन बाद दिग्विजय सिंह ने एक और बयान दिया जिसमें उन्होंने साफ किया कि उन्हें जो कहना था, वह कह चुके हैं। उन्होंने कहा, ''मैं पिछले 50 सालों से कांग्रेस पार्टी के साथ हूं और विधानसभा, संसद तथा संगठन के भीतर उन सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ता रहा हूं। मेरी विचारधारा से बुनियादी असहमति है और मैं आगे भी उनके खिलाफ संघर्ष करता रहूंगा।'' शनिवार के बयान पर उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हर संगठन को मजबूत करने की जरूरत होती है।
दिग्विजय के समर्थन में उतरे शशि थरूर
इस मुद्दे पर शशि थरूर की भी प्रतिक्रिया सामने आई जिसमें उन्होंने कहा, ''संगठन को मजबूत किया जाना चाहिए, इसमें कोई संदेह नहीं है।'' दिग्विजय सिंह के साथ बैठने और आपसी बातचीत के जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, ''हम एक-दूसरे से बात करते रहते हैं, हम दोस्त हैं, एक-दूसरे से बात करते हैं।''
