Opposition Meeting: महाराष्ट्र में आए सियासी भूचाल का असर विपक्षी एकता पर देखने को मिल रहा है। अब खबर है कि 13-14 जुलाई को होने वाली विपक्षी दलों की टाल दी गई है। इसके पीछे संसद सत्र का हवाला दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, अब यह बैठक संसद के मानसून सत्र के बाद होगी। यह बैठक बेंगलुरू में होनी थी।
विपक्षी दलों की बैठक स्थगित
इससे पहले 23 मई को पटना में विपक्षी दलों की एक बैठक हुई थी। इसमें आम सहमति बनने के बाद दूसरी बैठक 13-14 जुलाई को बेंगलुरू में तय की गई थी। हालांकि, अब इसे स्थगित कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा है कि अब यह बैठक मानसून सत्र के बाद आयोजित होगी।
शरद पवार ने किया था अगली बैठक का ऐलान
बता दें, पटना में हुई बैठक के बाद एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने दूसरी बैठक का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि सभी विपक्षी दलों ने एकजुटता दिखाई है। अब दूसरी बैठक में सीट बंटवारे पर चर्चा होगी, जिसमें यह तय होगा कि कौन सी पार्टी किस राज्य से चुनाव लड़ेगी। हालांकि, एनसीपी नेता अजित पवार की बगावत के बाद अब शरद पवार की ही पार्टी दो फाड़ हो चुकी है।
पटना बैठक में शामिल हुए थे 15 दल
पटना में 23 जून को हुई बैठक में करीब 15 राजनीतिक दल शामिल हुए थे। इसमें नीतीश कुमार के अलावा, राजद नेता लालू यादव, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, भगवंंत मान, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी थे। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा राहुल गांधी भी बैठक का हिस्सा बने थे।
पहले ही दिख चुकी है दरार
भले ही पटना बैठक के बाद सभी विपक्षी दलों ने एकजुटता दिखाई हो। हालांकि, भाजपा के समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर कई पार्टियों के मत अलग-थलग दिखाई दिए। अरविंद केजरीवाल की पार्टी आम आदमी पार्टी ने यूसीसी को सैद्धांतिक समर्थन दिया तो उद्धव ठाकरे की शिवसेना का भी यही रुख था। इसके अलावा शरद पवार की एनसीपी भी इस मुद्दे पर न्यूट्रल रही थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
