संसद Updates: SIR के खिलाफ संसद में मचा संग्राम, दोनों सदनों में आज भी हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

आज संसद परिसर में विपक्षी पार्टियों ने एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन किया और सांसदों ने जमकर नारेबाजी की। हालांकि, TMC सांसद प्रदर्शन में शामिल नहीं हैं। विपक्षी सांसदों ने मकर द्वार पर प्रदर्शन और नारेबाजी की। संसद के दोनों सदनों में इसे लेकर हंगामा मचा रहा। जानिए हर अपडेट....

SIR Protest: गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विपक्षी सांसद आरपार के मूड में हैं। संसद के शीतकालीन सत्र का पहले दिन इसी मुद्दे पर हंगामे की भेंट चढ़ गया। आज दूसरे दिन संसद परिसर में विपक्षी पार्टियों ने इसके खिलाफ प्रदर्शन किया और सांसदों ने जमकर नारेबाजी की। हालांकि, TMC सांसद प्रदर्शन में शामिल नहीं हैं, जबकि इसका सबसे अधिक विरोध प. बंगाल सरकार ही कर रही है। विपक्षी सांसदों ने मकर द्वार पर प्रदर्शन और नारेबाजी की। वहीं, लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में एसआईआर को लेकर हंगामा होता रहा। संसद का हर अपडेट जानिए।

Parliament SIR

संसद में एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन (ANI)

लोकसभा दिनभर के लिए स्थगित

एसआईआर पर बहस की मांग को लेकर विपक्ष के लगातार विरोध के कारण मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई, जबकि सरकार ने कहा कि वह बिना कोई समय-सीमा तय किए सदन में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। दिन में दो बार स्थगन के बाद, विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच दोपहर 2 बजे सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई। सदन की अध्यक्षता कर रहे दिलीप सैकिया ने विपक्ष से सदन की कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया क्योंकि सरकार नौ राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा करने को तैयार है। उन्होंने सदस्यों को याद दिलाया कि बिहार में एसआईआर प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है और परिणाम स्पष्ट हैं।

SIR के मुद्दे पर लोकसभा में हंगामा

SIR के मुद्दे पर आज भी सदन के अंदर हंगामे की स्थिति रही। हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक और फिर दोबारा 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। सदन की बैठक पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को विशिष्ट दीर्घा में जॉर्जिया के संसदीय शिष्टमंडल के उपस्थित होने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने प्रश्नकाल शुरू कराया तो कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्य एसआईआर के मुद्दे पर नारेबाजी करते हुए आसन के समीप आ गए। हंगामे के बीच ही भारतीय जनता पार्टी के सांसद सतीश कुमार गौतम और सौमित्र खान ने क्रमश: उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से संबंधित पूरक प्रश्न पूछे जिनके संबंधित मंत्रियों ने उत्तर भी दिए।

End of Feed