India Vs Pakistan T20 World Cup Match: भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे टी20 विश्व कप मुकाबले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्षी नेताओं ने पड़ोसी देश के साथ मुकाबले को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने तो यहां तक कह दिया कि यह मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच नहीं, बल्कि आईसीसी चेयरमैन जय शाह और पाकिस्तान के बीच हो रहा है।
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत और कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा (फोटो साभार: @Sukhjinder_INC)
संजय राउत ने दावा किया कि भारत-पाक मुकाबलों के दौरान सबसे ज्यादा सट्टेबाजी और जुआ होता है, जिससे भारी रकम पैदा होती है। उनका आरोप है कि इस सट्टेबाजी से कुछ राजनीतिक लोगों, खासकर भाजपा से जुड़े नेताओं को फायदा होता है।
संजय राउत ने लगाए गंभीर आरोप
संजय राउत ने कहा, ''यह भारत-पाकिस्तान का मैच नहीं है। यह जय शाह बनाम पाकिस्तान का मैच है। देश की जनता भारत और पाकिस्तान के बीच मैच नहीं चाहती। भारत-पाकिस्तान मैच से क्रिकेट में सबसे ज्यादा सट्टेबाजी होती है और पैसा पाकिस्तान तक पहुंचता है। यहां तक कि दलालों (लोकल ब्रोकर्स), खासकर भाजपा नेताओं को भी इससे फ़ायदा होता है।"
उन्होंने आगे दावा किया कि गुजरात और राजस्थान से एक बड़ा सट्टा नेटवर्क संचालित होता है और इससे जुटाई गई रकम पाकिस्तान तक पहुंचती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पैसा का कुछ हिस्सा आतंकवादी गतिविधियों में इस्तेमाल होता है, जिसके चलते पहलगाम, पुलवामा, उरी और पठानकोट में हमले हुए।
कांग्रेस ने भी मैच के खिलाफ खोला मोर्चा
कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले को लेकर सख्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ''पाकिस्तान हमारे देश का दुश्मन है और उसके साथ वैसा ही व्यवहार किया जाना चाहिए। हमारा उनसे कोई लेना-देना नहीं है। जो लोग सीमा पर रहते हैं, वे जानते हैं कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ प्रॉक्सी वॉर चला रहा है।''
मनोज झा ने क्या कुछ कहा?
राजद सांसद मनोज झा ने भारत-पाकिस्तान मुकाबले की अलोचना करते हुए इसे 'फनी सिचुएशन' करार दिया। उन्होंने कहा कि मैच खेलने को लेकर भ्रम पैदा किया जा रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में मनोज झा ने कहा कि जब अरबों रुपये दांव पर लगे हों, तो हाथ मिलाने जैसे मुद्दों पर बहस करना ठीक नहीं है, खासकर पहलगाम हमले के बाद। उन्होंने कहा, ''या तो मैच खेलिए या मत खेलिए। दिखावे या भ्रम के जरिए दोनों तरह की बातों को साधने की कोशिश मत कीजिए।''
उन्होंने आगे कहा, ''मैं साफ कहूं तो हमने बहुत फनी सिचुएशन बना दी है। अगर चिंता है तो फैसला कीजिए- खेलना है या नहीं। वे खेलेंगे और मीडिया इस पर चर्चा करेगा कि हाथ मिलाया या नहीं। क्या यह मजाक नहीं है? क्या यह भारत जैसे बड़े देश की छवि को कम करने की कोशिश नहीं है? मुझे पता है कि इसमें अरबों रुपये जुड़े हुए हैं।''
IND Vs PAK मुकाबले का हो रहा विरोध
इन नेताओं का बयान ऐसे समय पर आया जब कुछ लोग भारत-पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे मुकाबले का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि दोनों देशों के बीच रिश्ते तनावपूर्ण हैं। सनद रहे कि पाकिस्तान ने पहले अपने ग्रुप-स्टेज टी20 विश्व कप मैच का बहिष्कार करने का निर्णय लिया था, लेकिन बाद में टीम ने पाकिस्तानी सरकार के निर्देश पर मैदान में उतरने का निर्णय लिया।
