CAPF Deployment in West Bengal: उच्चतम न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद होने वाली हिंसा को रोकने के लिए, चुनाव समाप्त होने के बाद भी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की तैनाती जारी रखने के अनुरोध वाली याचिका पर सोमवार को तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया और कहा कि इस तरह के निर्णय सरकार द्वारा लिए जाते हैं।
क्या चुनाव बाद भी पश्चिम बंगाल में तैनात रहेगी CAPF? जानें- क्या है अपडेट
भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ के समक्ष याचिकाकर्ताओं में से एक की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता वी गिरी ने अनुरोध किया कि 2021 में राज्य में चुनाव के बाद व्यापक हिंसी देखी गई थी जिसे ध्यान में रखते हुए केंद्रीय बलों को राज्य में रहने की अनुमति दी जानी चाहिए।
'सरकार निर्णय लेगी'
निर्वाचन आयोग के वकील ने कहा कि चुनाव समाप्त होने के बाद आयोग की भूमिका समाप्त हो जाती है। पीठ ने तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए कहा, 'सरकार निर्णय लेगी। राज्य का संचालन सरकार द्वारा किया जाना चाहिए, न कि न्यायालय द्वारा।'
हालांकि, पीठ ने कहा कि वह 11 मई को इस याचिका पर विचार कर सकती है, जब राज्य में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित अन्य याचिकाओं पर सुनवाई होगी।
सैकड़ों लोगों ने TMC कार्यकर्ताओं पर धमकियां देने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया
हाल ही में पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा में मतगणना के बाद सुरक्षा मुहैया कराने की मांग को लेकर शनिवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि उन्हें तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं की ओर से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
हाशिमनगर गांव में बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झंडे लेकर सड़क पर उतर आईं और आरोप लगाया कि स्थानीय पंचायत प्रधान तथा तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान के करीबी इसराफील ने चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद हमले की धमकी दी है। स्थिति को देखते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के उप-कमांडेंट बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों के साथ प्रदर्शनकारियों के पास पहुंचे और सुरक्षा का भरोसा दिया।
