बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को लेकर एक ऐसी बात कह दी है, जिससे विपक्ष उनपर हमलावर हो गया है। हालांकि आरजेडी उनकी बात से जरूर खुश हो रही होगी। हालांकि यह मामला जुबान फिसलने का लग रहा है, लेकिन ये भी कहा जाता है कि राजनीति के माहिर खिलाड़ी नीतीश कुमार कुछ ऐसे ही नहीं बोलते हैं।
नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव (फाइल फोटो)
क्या हुआ दरअसल नीतीश कुमार पटना में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, तभी उन्होंने अपने संबोधन में तेजस्वी को उप मुख्यमंत्री की जगह मुख्यमंत्री कह दिया, बस फिर क्या था, मंच पर बैठे लोग चौंक गए, यहां तक कि तेजस्वी भी आश्यचर्यचकित नजर आए। नीतीश की जुबान फिसली या जानबुझकर उन्होंने ये बोला ये तो सिर्फ नीतीश ही जानते हैं, लेकिन उन्होंने अपने संबोधन को बिना इस गलती को ठीक किए ही जारी रखा, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
बीजेपी क्या बोली
भाजपा ने इसे लेकर नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। बिहार बीजेपी ने इस बयान के वीडियो को शेयर करते हुए लिखा- "माननीय मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव" रबड़ स्टाम्प सीएम की अधिकारिक पुष्टी!वहीं बीजेपी प्रवक्ता निखिल आनंद ने इसे लेकर जबरदस्त तंज कसा है। उन्होंने कहा-"ऐसा लगता है कि नीतीश कुमार ने जानबूझकर तेजस्वी को मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार किया है। वास्तव में नीतीश कुमार के आश्रम जाने का समय आ गया है।"
बता दें कि 9 सितंबर को गया में पितृपक्ष मेले का उद्घाटन करते हुए, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा था कि वह समय दूर नहीं जब "नीतीश देश का नेतृत्व करेंगे और तेजस्वी बिहार का नेतृत्व करेंगे"। मांझी, महागठबंधन की सरकार में शामिल हैं। वहीं तेजस्वी से जब इस पर सवाल पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि बिहार, नीतीश कुमार के नेतृत्व में अच्छा कर रहा है। वह सीएम के डिप्टी के रूप में अपनी भूमिका से खुश हैं।
