राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने श्रीलंका के नागरिकों की मानव तस्करी से जुड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी पुडुमदम इमरान (A-15) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था। उसके खिलाफ NIA के अनुरोध पर इंटरपोल ने रेड नोटिस जारी किया था।
श्रीलंका मानव तस्करी मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई, (File photo)
आरोपी को श्रीलंका में हिरासत में लिया गया था
NIA के मुताबिक, आरोपी को श्रीलंका में हिरासत में लिया गया था। इसके बाद श्रीलंकाई अधिकारियों ने उसे भारत वापस भेजा, जहां पहुंचते ही NIA ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी का आरोप है कि इमरान श्रीलंकाई नागरिकों को वैध दस्तावेजों के साथ कनाडा भेजने का झांसा देने वाली साजिश में सक्रिय रूप से शामिल था। इस बहाने उसने पीड़ितों के परिवार और रिश्तेदारों से पैसे वसूले थे। इसके बाद उसने हवाला नेटवर्क के जरिए भारत में मौजूद अपने सह-आरोपियों तक रकम पहुंचाई, ताकि मानव तस्करी और पीड़ितों को बंधक बनाकर रखने की गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके।
यह मामला मंगलुरु में स्थानीय पुलिस की छापेमारी के बाद सामने आया था। पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कुछ जगहों पर श्रीलंका के नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर मामले का खुलासा किया था। इस संबंध में साल 2021 में क्राइम नंबर 103/2021 के तहत IPC, विदेशी नागरिक अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
बाद में 13 जुलाई 2021 को NIA ने इस मामले को अपने हाथ में लेते हुए RC-17/2021/NIA/DLI के तहत दोबारा केस दर्ज किया। इसमें IPC की धारा 120B (आपराधिक साजिश), 370 (मानव तस्करी) और 420 (धोखाधड़ी), विदेशी नागरिक अधिनियम की धारा 14 और पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1A) लगाई गईं।
पहले भी दो फरार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
NIA के मुताबिक, इस मामले में इससे पहले दो फरार आरोपियों सिनी आबुल खान (A-9) को 2024 में और इमरान खान (A-7) को 2025 में गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपी फिलहाल बेंगलुरु की विशेष NIA अदालत में मुकदमे का सामना कर रहे हैं। ताजा गिरफ्तारी के बाद एजेंसी अब इस मामले में आरोपी की भूमिका और मानव तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाएगी।
