Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की सियासत में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) दोनों गुटों को एक साथ लाने की दिशा में सक्रिय है और इस सिलसिले में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार तथा पार्थ पवार से बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि BJP ने दोनों को जल्द निर्णय लेने के लिए समयसीमा भी दी है।
महाराष्ट्र में फिर एक हो सकती है एनसीपी।
आधिकारिक तौर पर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं की
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अजित पवार और शरद पवार गुट के एक साथ आने की अटकलें पिछले कई दिनों से महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। हालांकि, अब तक दोनों में से किसी भी गुट ने विलय को लेकर आधिकारिक तौर पर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। इसके बावजूद सूत्रों का दावा है कि BJP दोनों राष्ट्रवादी गुटों के बीच राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिश में जुटी है।
सुनेत्रा और पार्थ पवार के साथ बातचीत
सूत्रों के अनुसार, BJP की ओर से सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार के साथ बातचीत की जा रही है। हालांकि, दोनों की ओर से राष्ट्रवादी के विलय को लेकर सहमति नहीं होने की चर्चा भी है। दूसरी तरफ, अजित पवार गुट के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री कथित तौर पर दोनों राष्ट्रवादी गुटों के एक साथ आने के पक्ष में हैं।प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और छगन भुजबल समेत कई वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के विलय के समर्थन में होने की जानकारी सामने आ रही है।
ऐसे में पार्टी के भीतर नेतृत्व और भविष्य की राजनीतिक दिशा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल
सूत्रों के मुताबिक, पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ‘वर्षा’ बंगले पर सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार और जय पवार के साथ बैठक भी हुई थी। बैठक में राष्ट्रवादी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चा होने की बात कही जा रही है। इतना ही नहीं, BJP के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से भी दोनों राष्ट्रवादी गुटों को एक मंच पर लाने की कोशिश किए जाने की जानकारी है। दोनों राष्ट्रवादी गुटों के संभावित विलय की चर्चा ने अब महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। हालांकि, अंतिम फैसला क्या होगा और दोनों गुट वास्तव में एक साथ आएंगे या नहीं, इस पर फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
