New Parliament Controversy : देश में नए संसद भवन को लेकर सियासत खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। कभी राष्ट्रपति द्वारा उद्घाटन न कराए जाने तो कभी सेंगोल के ऊपर नंदी की प्रतिमा, कभी पीएम मोदी के तरीके तो कभी उनके द्वारा नतमस्तक होने को लेकर लगातार विपक्ष सरकार पर और उनकी कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगा रहा है। संसद भवन के उद्घाटन के बहिष्कार के बाद अब इस विवाद में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की एंट्री हो गई है। उन्होंने संसद भवन के डिजाइन को नकल किया हुआ बताया है। बता दें कि इससे पहले RJD ने नई संसद की डिजाइन को ताबूत की संज्ञा दी थी, जिसे लेकर भी काफी विवाद हुआ था।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह।
पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मई को नए संसद भवन का उद्घाटन किया था। इसके साथ ही कई विवादों ने जन्म ले लिया जो कि अब तक थमा नहीं है। दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा है कि, संसद का डिजाइन एक अफ्रीकी देश के पार्लियामेंट की नकल है। कांग्रेस नेता के मुताबिक, जिस नई संसद के गौरव और उसकी डिजाइन को देखकर दूसरे देश हतप्रभ हैं उसका डिजाइन कॉपी किया गया है।
सोमालिया का जिक्र कर लगाया आरोप
दिग्विजय सिंह ने ये आरोप ट्विटर के माध्यम से लगाए हैं, लेकिन उनके पहले टीएमसी के राज्यसभा सांसद जवाहर सिरकार ने आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि नई संसद भवन की डिजाइन सोमालिया से कॉपी की गई है। जवाहर सिरकार ने अपने ट्वीट में लिखा कि, 'सोमालिया की पुरानी संसद नए भारत की प्रेरणा है ! गुजरात से मोदी के खास वास्तुकार - जो हमेशा 'प्रतिस्पर्धी बोली' के जरिए मोदी के मेगा कॉन्ट्रैक्ट प्राप्त करते हैं (अहमदाबाद, वाराणसी, दिल्ली की संसद + सेंट्रल विस्टा में) उन्होंने हमसे सोमालिया के डिजाइन की नकल करने के लिए ₹230 करोड़ का शुल्क लिया है !' बता दें कि, सोमालिया की पुरानी संसद फोटो के साथ सिरकार ने भारत की नई संसद की तुलनात्मक फोटो भी शेयर की है।
दिग्विजय ने क्या कहा
जवाहर सिरकार के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए दिग्विजय ने लिखा कि, ' क्या आप इस पर विश्वास कर सकते हैं कि सोमालिया का पुराना संसद भवन नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा है. कृपया अपने कॉपी कैट आर्किटेक्ट से ₹230 करोड़ वसूल करे।' जवाहर सिरकार को धन्यवाद देते हुए वे लिखते हैं कि, 'जवाहर सिरकार को इसके लिए पूरे नंबर दिए जाते हैं।'
