New Delhi Railway Station Entry Gate: त्योहारी सीजन में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन को सुगम बनाने के लिए उत्तर रेलवे ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत स्टेशन पर प्रवेश और निकास के द्वार स्थायी रूप से निर्धारित कर दिए गए हैं। अब स्टेशन में आने और बाहर जाने के लिए यात्रियों को अलग-अलग गेट का इस्तेमाल करना होगा। खास बात यह है कि आरक्षित और अनारक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग तय किए गए हैं। रेलवे का मानना है कि इस व्यवस्था से स्टेशन के मुख्य द्वारों, सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्म पर होने वाली अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (फोटो साभार- TNN)
दिल्ली स्टेशन पर भीड़ कंट्रोल के लिए नई व्यवस्था
उत्तर रेलवे के मुताबिक, नई व्यवस्था के तहत आरक्षित श्रेणी यानी स्लीपर और एसी कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 15 तक जाने के लिए नीले रंग से चिह्नित गेट नंबर 8 और 11 का इस्तेमाल करना होगा। वहीं, जनरल और अनारक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए पीले रंग से चिह्नित गेट नंबर 12 निर्धारित किया गया है। इस गेट से प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 16 तक पहुंचा जा सकेगा। यात्रियों को निर्धारित प्रवेश द्वार से ही स्टेशन के भीतर जाना होगा और प्रवेश द्वार से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह निकास द्वारों का इस्तेमाल केवल स्टेशन से बाहर जाने के लिए किया जा सकेगा।
सामान्य और आरक्षित यात्रियों के रास्ते अलग
रेलवे ने सामान्य और आरक्षित श्रेणी के यात्रियों के रास्ते अलग-अलग करने का फैसला इसलिए लिया है, ताकि दोनों श्रेणियों के यात्रियों की भीड़ एक ही जगह इकट्ठा न हो। इससे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित होगी और मुख्य प्रवेश द्वारों पर लगने वाली लंबी कतारों से भी राहत मिलने की उम्मीद है। टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने मोबाइल टिकटिंग की सुविधा भी शुरू की है। इसके तहत रेलवे कर्मचारी हैंड हेल्ड डिवाइस लेकर सीधे यात्रियों के पास पहुंच रहे हैं और मौके पर ही अनारक्षित टिकट जारी कर रहे हैं। इससे यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत कम होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- उज्जैन रेलवे स्टेशन पर RPF जवान ने बचाई यात्री की जान
प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद
इसके अलावा, स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। यानी फिलहाल स्टेशन के अंदर केवल ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को ही प्रवेश देने पर प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रियों को नए रास्तों की जानकारी देने के लिए स्टेशन परिसर, फुट ओवर ब्रिज और प्रवेश एवं निकास द्वारों पर बड़े साइनबोर्ड और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और व्हीलचेयर की जरूरत वाले यात्रियों के लिए रैंप और विशेष सुलभ रास्तों की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी। उत्तर रेलवे का कहना है कि इन सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की भारी आवाजाही के बीच सुरक्षा सुनिश्चित करना, भीड़ का बेहतर प्रबंधन करना और स्टेशन पर आवागमन को आसान बनाना है।
