Delhi Blast Video: दिल्ली लाल किला ब्लास्ट का एक और वीडियो सामने आया है जो बेहद खतरनाक है और धमाके के बाद का खौफनाक मंजर देख आप भी दहल जाएंगे। वीडियो में दिख रहा है कि रेड लाइट पर गाड़िया रुकी हुई हैं, और अचानक बड़ा धमाका होता है और चारों तरफ अफरातफरी मच जाती है। पल भर में ही मंजर खौफनाक दृष्य में बदल जाता है। कई गाड़ियां तहस-नहस हो जाती हैं और लोग चिल्लाते हुए भागते नजर आते हैं। ये अब तक का सबसे स्पष्ट और वीभत्स वीडियो माना जा सकता है जिसमें पता लग रहा है कि आतंकी उमर ने किस तरह इस धमाके को अंजाम दिया था।
दिल्ली ब्लास्ट का वीडियो आया सामने (ANI)
आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, अब तक 8 गिरफ्तार
पुलिस द्वारा जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने और तीन डॉक्टरों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार करने के कुछ ही घंटों बाद दिल्ली के लाल किला क्षेत्र के पास एक धीमी गति से चलती कार में उच्च तीव्रता वाला विस्फोट हुआ, जिसमें 12 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने जम्मू कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैले आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर लगभग 2,500 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम क्लोरेट और सल्फर जब्त किया था।
पीएम मोदी ने की घायलों से मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल का दौरा किया और विस्फोट में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अपराधियों को न्याय के शिकंजे में लाया जाएगा। वहीं, विस्फोट स्थल से करीब 40 नमूने एकत्र करने वाली फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के अनुसार, प्रारंभिक विश्लेषण से पता चलता है कि विस्फोटकों में से एक नमूना अमोनियम नाइट्रेट लगता है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि डॉ. मुजम्मिल के मोबाइल फोन से प्राप्त डंप डेटा के विश्लेषण से पता चला है कि जनवरी के पहले सप्ताह में लाल किला क्षेत्र में और उसके आसपास उसकी बार-बार उपस्थिति थी।
उमर के मोबाइल डेटा का भी विश्लेषण
एजेंसियां डॉ. उमर की गतिविधि और संचार का पता लगाने के लिए विस्फोट के दिन तीन बजे से शाम 6.30 बजे के बीच लाल किला क्षेत्र से मोबाइल डेटा का भी विश्लेषण कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि डॉ. मुजम्मिल ने अपने साथी डॉ. उमर नबी के साथ सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ की प्रवृत्ति का पता लगाने के लिए कई बार लाल किले का दौरा किया था। टावर लोकेशन डेटा और आसपास के इलाकों से एकत्र किए गए सीसीटीवी फुटेज के जरिए उनकी गतिविधियों की पुष्टि की गई है। सोमवार को जिस कार में विस्फोट हुआ उसे डॉ. उमर नबी चला रहा था जो अल-फलाह विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर था।
लाल किले के नजदीक विस्फोट के बाद जांच के घेरे में आए हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय ने बुधवार को कहा कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए उसके दो डॉक्टरों के साथ उसका सिर्फ व्यावसायिक संबंध है और वह दुर्भाग्यपूर्ण घटनाक्रम से व्यथित है। आतंकवाद से जुड़े डॉक्टरों से दूरी बनाते हुए विश्वविद्यालय ने एक बयान में कहा कि यह एक जिम्मेदार संस्थान है और राष्ट्र के साथ एकजुटता में खड़ा है। इस बीच, फॉरेंसिक दल ने विस्फोट स्थल से करीब 40 नमूने एकत्रित किए, जिनमें दो कारतूस, गोला-बारूद तथा दो अलग-अलग प्रकार के विस्फोटकों के नमूने शामिल हैं।
दूसरा विस्फोटक नमूना अमोनियम नाइट्रेट से भी ज्यादा शक्तिशाली
सोमवार को फरीदाबाद में एक जांच के दौरान 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया था, जब अल फलाह विश्वविद्यालय से जुड़े डॉ. मुजम्मिल गनई और डॉ. शाहीन सईद को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने बताया, दूसरा विस्फोटक नमूना अमोनियम नाइट्रेट से भी ज्यादा शक्तिशाली माना जा रहा है। इसकी सटीक संरचना की पुष्टि विस्तृत फ़ोरेंसिक जांच के बाद होगी। अधिकारियों के अनुसार, एफएसएल टीम को घटनास्थल का निरीक्षण करते समय कारतूस मिले। उन्होंने बताया कि विस्फोटकों की प्रकृति और विस्फोट में उनका इस्तेमाल कैसे किया गया, यह जानने के लिए जांच जारी है।
आतंकी मॉड्यूल की गतिविधियों की जांच के सिलसिले में जम्मू कश्मीर पुलिस ने बुधवार को हरियाणा के मेवात से एक मौलवी को हिरासत में लिया। मौलवी इश्तियाक को श्रीनगर ले जाया गया है। वह फरीदाबाद में अल फलाह विश्वविद्यालय के समीप एक किराए के मकान में रह रहा था। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने उसके घर से ही 2,500 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक बरामद किया था। मौलवी इश्तियाक को गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व्यक्तिगत रूप से गाजीपुर, सिंघु, टिकरी और बदरपुर सहित अंतरराज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा जांच की निगरानी कर रहे हैं। बाजारों, मेट्रो स्टेशन, रेलवे टर्मिनल और बस अड्डों पर वाहनों की तलाशी ली जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजरों से बच न पाए।
