NEET-UG 2024: मास्टरमाइंड ने चार छात्रों को दिए पेपर, मांगे थे 40-40 लाख रुपये, रात भर कराई थी तैयारी

मुख्य आरोपी यादवेंदु ने दावा किया कि उसने परीक्षा से एक दिन पहले चार मई को लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के लिए अपने भतीजे अनुराग यादव समेत प्रत्येक अभ्यर्थी से 40 लाख रुपये की मांग की थी।

NEET-UG 2024 Paper Leak: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातक (NEET-UG) 2024 प्रश्न पत्र लीक मामले में नए - नए खुलासे हो रहे हैं। मुख्य आरोपी सिकंदर प्रसाद यादवेंदु ने कबूला है कि उसने प्रश्नपत्र लीक किए थे। पटना जिला के दानापुर नगर परिषद में जूनियर इंजीनियर यादवेंदु ने चार परीक्षाओं के लिए प्रश्नपत्रों की व्यवस्था करने की बात स्वीकार की है। यादवेंदु ने अपने बयान में कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा से एक दिन पहले तैयारी करने के लिए कहा गया और हर परीक्षार्थी से 40 लाख रुपये की मांग की गई।

मांगे गए थे 40 लाख रुपये

बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) के सूत्रों के अनुसार, पांच मई को आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 161 के तहत दर्ज किए गए यादवेंदु के बयान में कथित तौर पर नीट-यूजी जैसे प्रतिष्ठित परीक्षा पेपर लीक करने के लिए जाने जाने वाले नीतीश कुमार और अमित आनंद के साथ उसके संपर्कों का भी विवरण दिया गया है। यादवेंदु ने दावा किया कि उन्होंने परीक्षा से एक दिन पहले चार मई को लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के लिए अपने भतीजे अनुराग यादव समेत प्रत्येक अभ्यर्थी से 40 लाख रुपये की मांग की थी।

End of Feed