Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र में जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई, राम मंदिर चंदा चोरी का मुद्दा छाया हुआ है। इन मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार चर्चा की मांग कर रहा है, जबकि गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को चर्चा के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर उचित समय निर्धारित करने का अनुरोध किया है। इस बीच, राजद सांसद मनोज झा ने गृह मंत्री पर तंज कसते हुए टीचर वाला किस्सा सुनाया।
राजद सांसद मनोज झा (फाइल फोटो)
समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में मनोज झा ने कहा, ''आपमें से किसने अमित शाह से पूछा कि पैलेट गन का इस्तेमाल का आदेश किसने दिया था? लाठियों पर कील किसने लगवाई थी? मैंने नहीं सुना कि किसी व्यक्ति ने यह सवाल पूछा। संसद ऐसी कथा सुनने के लिए नहीं है... सत्रावसान के एक दिन पहले आकर कुछ कह दिया... मैं तो रोजाना सदन में होता हूं। एक बच्चे के पिता ने हेडमास्टर से कहा कि इसकी अटेंडेंस कम क्यों है? मैं तो डेली इसको स्कूल छोड़ता हूं। इस पर टीचर ने कहा कि वह कैंटीन में बैठा रहता है।''
संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ और उसी दिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले नीट भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों ने 'संसद घेराव' मार्च निकाला। इस दौरान, भारी संख्या में आंदोलनकारी छात्र एकत्रित हुए और संसद भवन की ओर बढ़े। इस प्रदर्शन को लेकर कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं। विपक्ष लगातार गृह मंत्री से सवाल पूछ रहा है कि आखिर छात्रों पर पैलेट गन चलाने का निर्देश किसने दिया था। बता दें कि मानसून सत्र 13 अगस्त को समाप्त हो रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: छात्र आंदोलन पर संसद में चर्चा के लिए तैयार अमित शाह, ओम बिरला को लिखी चिट्ठी, बोले- हर सवाल का दूंगा जवाब
सरकार चर्चा के लिए तैयार
विपक्षी दलों के हंगामे के चलते गतिरोध बना हुआ है। हालांकि, अमित शाह ने स्पष्ट किया कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने बकायदा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर चर्चा के लिए उपयुक्त समय निर्धारित करने की अपील की है।
