Haryana New CM: मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए मुख्यमंत्री होंगे। नायब सैनी हरियाणा बीजेपी के अध्यक्ष हैं और वह कुरुक्षेत्र से लोकसभा सांसद भी हैं। जानकारी के मुताबिक, भाजपा विधायक दल की बैठक में नायब सिंह सैनी के नाम पर मुहर लगी है, और उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया गया।
नायब सिंह सैनी होंगे हरियाणा के नए मुख्यमंत्री
सूत्रों के मुताबिक, आज ही नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। शाम 5 बजे नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। बता दें, हरियाणा में आज बहुत तेजी से सियासी समीकरण बदले। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जननायक जनता पार्टी (JJP) के बीच सीट शेयरिंग पर सहमति न बनने के बाद दोनों पार्टियों का गठबंधन टूट गया। इसके बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत उनकी पूरी कैबिनेट ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया। राज्यपाल ने इस इस्तीफे को स्वीकार भी कर लिया।
खट्टर के करीबी माने जाते हैं नायब सिंह सैनी
नायब सिंह सैनी को पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का करीबी माना जाता है। इसका मजमून 2016 में दिखाई दिया, जब खट्टर के नेतृत्व वाली सरकार में नायब सिंह सैनी को राज्यमंत्री बनाया गया। इसके बाद 2019 में उन्हें बीजेपी ने कुरुक्षेत्र से लोकसभा का टिकट दिया और वह सांसद बन गए। 2023 में बीजेपी नेतृत्व ने उन्हें हरियाण बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष भी बना दिया।
संगठन का लंबा अनुभव
नायब सिंह सैनी को संगठन के काम में लंबा अनुभव रहा है। 1996 में उन्हें हरियाणा बीजेपी के संगठन में जिम्मेदारी दी गई। उसके बाद 2002 में उन्हें अंबाला बीजेपी युवा मोर्चा के जिला महामंत्री की जिम्मेदारी मिली। 2005 में नायब सैनी अंबाला बीजेपी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भी रहे। 2012 में वह अंबाला के जिला अध्यक्ष भी रहे। फिलहाल वह हरियाणा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
