'उमर सरकार को कोई खतरा नहीं', नेशनल कॉन्फ्रेंस में असंतोष के बीच डिप्टी CM ने खारिज किए दावे, ये बात भी कही

नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर मतभेदों और नाराज नेताओं को मनाने की कोशिशों पर चौधरी ने कहा कि पार्टी में छोटे से छोटे कार्यकर्ता की बात भी सुनी जाती है। यदि कोई नेता या कार्यकर्ता कमियां बताता है अथवा कोई सुझाव देता है तो नेतृत्व उस पर विचार करेगा और जरूरी सुधार की कोशिश करेगा।

जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के भीतर बढ़ती नाराजगी और सांसद आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी के पार्टी छोड़ने के ऐलान के बीच उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने उमर अब्दुल्ला सरकार की स्थिरता को लेकर उठ रहे सवालों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार को कोई खतरा नहीं है और पार्टी के पास कार्यकर्ताओं तथा नेताओं की शिकायतें सुनने और उनका समाधान करने की व्यवस्था मौजूद है। चौधरी ने दावा किया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस मजबूती से काम कर रही है और सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।

​उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah)​


उमर अब्दुल्ला

रूहुल्लाह के इस्तीफे से बढ़ी पार्टी की मुश्किलें

दरअसल, श्रीनगर से लोकसभा सांसद आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी ने मंगलवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस से इस्तीफे का ऐलान किया। इतना ही नहीं आगा रूहुल्लाह मेहदी ने नई पार्टी के गठन का संकेत देते हुए संसद की सदस्यता भी छोड़ने का ऐलान किया। 2024 में NC के टिकट पर लोकसभा के लिए चुने गए रूहुल्लाह ने अपने समर्थकों के सामने 80 मिनट के भाषण में नेशनल कांफ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधा। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए प्रमुख वादों से पीछे हटने का आरोप लगाया। इनमें अनुच्छेद 370 की बहाली का मुद्दा भी शामिल है।

रूहुल्लाह ने अपने पिता आगा सैयद मेहदी की 26वीं पुण्यतिथि पर आयोजित एक रैली में यह घोषणा की। उनका पार्टी से अलग होना हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर सामने आ रहे मतभेदों के बीच एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।

End of Feed