Rakesh Tikait- किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत मुजफ्फरनगर जिले में उस समय बाल-बाल बच गए, जब एक नीलगाय उनके वाहन के अगले हिस्से से टकरा गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस घटना की सूचना मिलने के बाद कई नेता उनका हालचाल लेने उनके घर पहुंचे।
बाल-बाल बचे राकेश टिकैत
मीरापुर बाईपास रोड पर हादसा
टिकैत के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब उनका वाहन यहां मीरापुर बाईपास रोड के पास था। एक नीलगाय अचानक सड़क पर आ गई और उनकी कार से टकरा गई, हालांकि भारतीय किसान यूनियन नेता बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश के मंत्री कपिल देव अग्रवाल और मुजफ्फरनगर से लोकसभा सांसद हरेंद्र सिंह मलिक किसान नेता का हालचाल जानने के लिए टिकैत के आवास पर पहुंचे।
शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में राकेश टिकैत ने कहा कि नीलगाय गलत दिशा से आई और वाहन से टकरा गई। टिकैत ने कहा, हमने सीट बेल्ट लगाई थी और इससे काफी सुरक्षा मिली। सभी को सीट बेल्ट लगानी चाहिए। अगर गाड़ी छोटी होती और कोई सीट बेल्ट नहीं लगाए होता तो नुकसान ज्यादा हो सकता था। गनर ने सीट बेल्ट लगाई हुई थी, उसे मामूली चोटें आईं। उन्होंने सभी से तेज गति से गाड़ी न चलाने का आग्रह किया।
