'सशक्त भारत के शिल्पकार मोदी'... PM Modi के 75वें जन्मदिन पर अमित शाह ने लिखा लेख, जानिए क्या-क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 75 वर्ष के हो रहे हैं और पूरे देश में उनका जन्मदिन धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्हें देश-दुनिया से बधाइयों का सिलसिला जारी है। इस मौके पर वर्षों से पीएम मोदी के खास सहयोगी रहे गृह मंत्री अमित शाह ने खास लेख लिखा है। उन्होंने क्या-क्या लिखा है, पढ़ें।

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 75 वर्ष के हो रहे हैं और पूरे देश में उनका जन्मदिन धूमधाम से मनाया जा रहा है। नरेंद्र मोदी 2014 में देश के सर्वोच्च निर्वाचित पद तक पहुंचे थे। इस मौके पर उन्हें देश-दुनिया से बधाइयों का सिलसिला जारी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर केंद्रीय मंत्रियों और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप तक कई नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। इस मौके पर वर्षों से पीएम मोदी के खास सहयोगी रहे गृह मंत्री अमित शाह ने खास लेख लिखा है। उन्होंने क्या-क्या लिखा है, पढ़ें।

Shah Modi

अमित शाह ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर लिखा खास लेख (PTI)

आज के दिन शिल्पकार व कामगार विश्वकर्मा जयंती मनाते हैं

17 सितंबर का दिन कई कारणों से महत्वपूर्ण है। इस दिन सभी शिल्पकार एवं कामगार विश्वकर्मा जयंती मनाते हैं। इसी दिन हैदराबाद को क्रूर निजाम एवं रजाकारों से मुक्ति मिली थी और आज के ही दिन एक ऐसे जनसेवक का भी जन्म हुआ, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश और देशवासियों को समर्पित कर दिया-हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। मोदी जी का यह जन्मदिन विशेष है, क्योंकि यह उनका 75वां जन्मदिन है। मैं 140 करोड़ देशवासियों की ओर से उन्हें मनपूर्वक जन्मदिन की बधाई देता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि भारत के मजबूत भविष्य के निमित्त वे उन्हें लंबी आयु, ऊर्जा और स्वास्थ्य प्रदान करें।

राष्ट्रहित को समर्पित एक ध्येयनिष्ठ नेतृत्वकर्ता

प्रधानमंत्री मोदी के साथ दशकों से कार्य करते हुए मैंने यह अनुभव किया है कि उनका व्यक्तित्व राजनेता से बढ़कर राष्ट्रहित को समर्पित एक ध्येयनिष्ठ नेतृत्वकर्ता का है। उनके नेतृत्व की विशेषता है कि वे अपने शासन में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दृष्टि रखते हैं। यही कारण है कि उनकी सरकार में गरीब-कल्याण को केंद्र में रखकर अनेक योजनाएं न केवल शुरू हुईं, अपितु सफलतापूर्वक अपने लक्ष्यों को प्राप्त भी कर रही हैं। हम देख सकते हैं कि जनधन योजना ने 50 करोड़ से अधिक लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ते हुए वित्तीय समावेशन की नई इबारत लिखी, उज्ज्वला योजना ने घर-घर तक धुएं से मुक्ति और सम्मानजनक जीवन का संदेश पहुंचाया, आयुष्मान भारत ने गरीबों को स्वास्थ्य की सुरक्षा दी, तो वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब वर्ग को अपने घर का सपना पूरा करने का अवसर दिया। जब भी मैं ऐसी योजनाओं के किसी लाभार्थी की आंखों में संतोष और भरोसा देखता हूं, तो समझ में आता है कि मोदी जी का शासन किस प्रकार जनकल्याण के उद्देश्य को धरातल पर साकार कर रहा है।

End of Feed