Danish Chikna : मुंबई नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुंबई एनसीबी ने बुधवार को गोवा से दानिश चिकना को गिरफ्तार किया। चिकना अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम का सहयोगी है जो उसके ड्रग तस्करी कारोबार को देखता था। ड्रग तस्करी मामले में वह लंबे समय से फरार चल रहा था। दानिश का असली नाम दानिश मर्चेंट है। चिकना की गिरफ्तारी दाऊद गिरोह के लिए एक बड़ा झटका माना जा रही है। बताया जाता है कि दानिश ही भारत में दाऊद के ड्रग कारोबार और नेटवर्क को देखता था।
गोवा में गिरफ्तार हुआ दानिश चिकना।
पूछताछ के बाद चिकना का नाम सामने आया
NCB ने उस पर ड्रग से जुड़े दो मामलों में आरोप लगाया था। NCB ने मार्च 2021 में मुंबई में एक ड्रग लैब की जांच की थी। मर्चेंट, जिस पर ऑपरेशन में शामिल होने का आरोप था, राजस्थान भाग गया था। दाऊद इब्राहिम के साथियों चिंकू पठान और आरिफ भुजवाला से पूछताछ के बाद उसका नाम सामने आया था।
दानिश की गिरफ्तारी एक संयुक्त ऑपरेशन का हिस्सा
सूत्रों के अनुसार, दानिश डी-कंपनी के लिए सिंथेटिक ड्रग्स, कोकीन और हेरोइन की सप्लाई चेन को संभालता था। वह पाकिस्तान से भारत में ड्रग्स की खेप पहुंचाने, स्थानीय डीलर्स तक वितरण और मनी लॉन्ड्रिंग का मुख्य जरिया था। समझा जाता है कि मुंबई और गुजरात के तटीय इलाकों में उसका मजबूत नेटवर्क है। वहीं, NCB अधिकारियों का कहना है कि दानिश की गिरफ्तारी एक संयुक्त ऑपरेशन का हिस्सा थी, जिसमें गोवा पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों का सहयोग था। उसे गोवा के एक लग्जरी रिसॉर्ट से पकड़ा गया, जहां वह फर्जी पहचान के साथ छिपा हुआ था।
गोवा से लाया जाएगा मुंबई
चिकना लंबे समय से पुलिस की रडार पर था। मुंबई पुलिस उसे शिद्दत से ढूंढ रही थी। हालांकि, वह अब तक पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गया था लेकिन इस बार वह गिरफ्त में फंस गया। सूत्रों का कहना है कि अब उसे गोवा से मुंबई लाया जाएगा और उससे पूछताछ की जाएगी।
