Mumbai Viral Video: मुंबई के कुर्ला में एक कपल के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। फीनिक्स मॉल के पास स्थित एक म्युनिसिपल पार्क में फोटो खींच रहे लड़के और लड़की को 8 से 10 नाबालिग लड़कों ने कथित तौर पर निशाना बनाया। आरोप है कि नाबालिगों ने पहले दोनों के साथ बहस की, फिर छेड़छाड़ और मारपीट की। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है।
मुंबई के कुर्ला में कपल के साथ नाबालिगों ने की बदसलूकी।
फोटो खींच रहे थे लड़का-लड़की
जानकारी के मुताबिक, लड़का और लड़की कुर्ला स्थित म्युनिसिपल पार्क में तस्वीरें खींच रहे थे। इसी दौरान वहां 8 से 10 नाबालिग लड़के पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कपल के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के साथ मारपीट की गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पूरी वारदात का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित लड़की की शिकायत के आधार पर घाटकोपर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
