भगवान और किस्मत कब किस पर मेहरबान हो जाए किसी को नहीं पता होता। ऐसा ही कुछ पंजाब के मोहाली के बलजिंदर सिंह के साथ हुआ है। टिप्पर चलाकर अपना और अपने परिवार का गुजारा करने वाले बलजिंदर के साथ अब कुछ ऐसा हुआ है जिसने उनकी जिंदगी ही बदल दी है। बलजिंदर ने 500 रुपये में इस दिवाली बंपर का लॉटरी टिकट लिया था, जो इस बार लॉटरी में लग गया है। 500 रुपये के इस टिकट ने बलजिंदर को 12 करोड़ रुपये का मालिक बना दिया। लॉटरी निकलने की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवार ही नहीं पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
बलजिंदर सिंह की लगी 12 करोड़ रुपये की लॉटरी।
डेढ़ दशक से खरीद रहे थे लॉटरी टिकट
बलजिंदर सिंह मोहाली जिले के हमायूंपुर गांव के रहने वाले हैं। वे एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए वे टिप्पर चलाते हैं। जानकारी के मुताबिक, बलजिंदर पिछले 15 सालों से लॉटरी का खरीद रहे थे। वे हर साल अपनी किस्मत आजमाते थे, लेकिन इस बार उन्हें उनके सब्र का ऐसा इनाम मिला जिसकी शायद उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। इस बार उन्होंने दिवाली के मौके पर हंडेसरा के लॉटरी विक्रेता आशू गर्ग से 500 रुपये का बंपर टिकट लिया था। टिकट खरीदते समय उन्हें भी दूसरे लोगों की तरह उम्मीद थी कि शायद इस बार कोई इनाम मिल जाए। हालांकि, यह टिकट उनके लिए 12 करोड़ रुपये की खुशखबरी लेकर आएगा, इसका उन्हें अंदाजा नहीं था।बलजिंदर सिंह के परिवार में पत्नी,दो बच्चे, पिता और छोटा भाई हैं। लॉटरी जीतने का श्रेय परमात्मा के आशीर्वाद को दिया है। बलजिंदर सिंह का कहना है कि अभी तक लॉटरी की रकम नहीं मिली है। वहीं,करोड़ों रुपये मिलने के बाद वह आगे क्या करेंगे और इस रकम को कहां खर्च करेंगे, इसे लेकर अभी कोई योजना तय नहीं की है।
