मेसी के इवेंट में बवाल के बाद सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे राज्यपाल बोस; शतद्रु दत्ता भी 14 दिन की पुलिस हिरासत में

बीते दिन कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में बवाल के बाद जांच करने पहुंचे राज्यपाल सीवी आनंद बोस को स्टेडियम में घुसने से रोक दिया गया था। जिसके बाद उन्होंने इस घटना को संवैधानिक प्राधिकरण की भयावह उपेक्षा बताया था।

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी के GOAT इंडिया टूर के दौरान कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुए बवाल के एक दिन बाद राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मुख्य सचिव मनोज पंत और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों भी मौजूद थे। बता दें कि वे बीते दिन हंगामा होने के कुछ घंटे बाद स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन तब उन्हें स्टेडियम में घुसने से रोक दिया गया था। जिसके बाद उन्होंने बिना नाम लिए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे, साथ ही इस कृत्य को राज्यपाल के संवैधानिक पद का अपमान भी करार दिया था। वहीं, दूसरी ओर मेसी के GOAT इंडिया टूर के प्रमोटर और मुख्य आयोजक शतद्रु दत्ता को भी अदालत ने 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

मेसी के इवेंट में बवाल ।

मेसी के इवेंट में बवाल के बाद राज्यपाल बोस ने किया सॉल्ट लेक स्टेडियम का निरीक्षण। फोटो- PTI

शतद्रु दत्ता 14 दिन की पुलिस हिरासत में

वहीं, मेसी के इंडिया टूर के प्रमोटर और मुख्य आयोजक शतद्रु दत्ता को आज कोलकाता की बिधाननगर अदालत में पेश किया गया। जहां मामले की सुनवाई के बाद दत्ता को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश अदालत ने दिया। दत्ता पर टूर में पर्याप्त व्यवस्था न करने और दर्शकों को धोखा देने जैसे गंभीर आरोप है। उन्हें स्टेडियम में बवाल के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

End of Feed