Meghalaya Election Result 2023: 'मैं बीफ खाता हूं' कहने वाले मेघालय बीजेपी चीफ अर्नेस्ट मावरी (Ernest Mawrie) विधानसभा चुनाव हार गए। इतना ही नहीं वह तीसरे स्थान पर रहे। भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक मेघालय विधानसभा चुनाव 2023 में अर्नेस्ट मावरी (Ernest Mawrie) पश्चिम शिलांग निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव हार गए। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के पॉल लिंग्दोह ने 7,917 (42.14%) वोट हासिल किए, उन्होंने नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहेंड्रो रैपसांग को 3,485 वोटों से हराया। जबकि मेघालय बीजेपी प्रमुख अर्नेस्ट मावरी तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें कुल 3771 (20.07 प्रतिशत) वोट मिले।
मेघालय BJP चीफ अर्नेस्ट मावरी
मेघालय विधानसभा चुनाव परिणाम 2023
मावरी ने पिछले महीने यह कहकर सुर्खियां बटोरीं कि अगर मेघालय में बीजेपी सत्ता में आई तो वह बीफ खाने वाले लोगों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाएगी। मावरी ने कहा कि मेघालय ईसाई बहुल राज्य है और अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो वह ईसाइयों को अधिक सुरक्षा मुहैया कराएगी। मतगणना से पहले मावरी ने कहा कि उनकी पार्टी मेघालय में इस चुनाव में 10-15 सीटें जीतेगी। मावरी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि मतदान के बाद, हमने चर्चा की है और हमें विश्वास है कि हम कम से कम 10 सीटें और अधिक से अधिक 15 सीटें जीतेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी के बिना कोई भी पार्टी मेघालय में अगली सरकार नहीं बना पाएगी। मेघालय की 59 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना 27 फरवरी को हुई थी। मतगणना से पहले मेघालय के मुख्यमंत्री और एनपीपी प्रमुख कोनराड संगमा ने मंगलवार रात गुवाहाटी में अपने असम के समकक्ष हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात की। गौरतलब है कि सरमा नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस (NEDA) के संयोजक हैं। विभिन्न मीडिया समूहों द्वारा प्रकाशित एग्जिट पोल ने भविष्यवाणी की थी कि पूर्वोत्तर राज्य में एक त्रिशंकु सदन होगा, जिसमें संगमा की एनपीपी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है।
