India Italy Ties: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर उठे विवाद के बीच विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान जारी किया। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ते हाल के वर्षों में लगातार मजबूत और व्यापक हुए हैं। साथ ही, सार्वजनिक संवाद में एक-दूसरे के प्रति सम्मान बनाए रखना अहम है।
मेलोनी पर कांग्रेस के मजाक से बढ़ा विवाद (फोटो साभार: @INCIndia)
विदेश मंत्रालय की यह टिप्पणी कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की विदेश नीति पर तंज कसने के एक दिन बाद आया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी द्विसाप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा, ''इटली के साथ हमारे मजबूत संबंध हैं। हाल के वर्षों में इटली के साथ हमारे रिश्ते और मजबूत हुए हैं और उनका विस्तार भी हुआ है। कूटनीतिक व्यवहार के तहत यह महत्वपूर्ण है कि हम एक-दूसरे का सम्मान करते हुए अपने संबंधों को और मजबूत करें।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'ऐसी अभद्र टिप्पणी सर्वदा अस्वीकार्य...', PM मोदी पर राहुल के बयान को लेकर भड़के राजनाथ सिंह, कांग्रेस से की ये अपील
'PM के लिए गले मिलना ही विदेश नीति'
सनद रहे कि राहुल गांधी ने गुरुवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में रचनात्मक कांग्रेस प्रकोष्ठ अधिवेशन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी की विदेश नीति को घेरते हुए कहा कि उनके दिमाग में यह बात घर कर गई है कि गले मिलना ही विदेश नीति है।
इस दौरान, राहुल गांधी ने अपनी बात समझाने के लिए मंच पर मौजूद संदीप दीक्षित को गले लगाया। इसके बाद संदीप दीक्षित ने मजाकिया अंदाज में राहुल से पूछा- एक चीज पूछ सकता हूं? मेलोनी समझ के तो नहीं पकड़ा था? इस पर राहुल गांदी ने जवाब दिया कि मैं वहां तक नहीं पहुंचा हूं।
राहुल गांधी के बयान को लेकर भड़की भाजपा
इस टिप्पणी के बाद भाजपा ने राहुल गांधी और संदीप दीक्षित पर तीखा हमला बोला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी को अभद्र और सर्वदा अस्वीकार्य किए जाने वाली बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का आचरण नेता प्रतिपक्ष की गरिमा के खिलाफ है।
