NEET Paper Leak : शिक्षा, महिला, बाल एवं युवा खेल संबंधी संसद की संयुक्त समिति की गुरुवार को हुई अहम बैठक में NEET पेपर लीक मामले, री-एग्जामिनेशन और आगामी परीक्षा की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक बैठक सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चली, जिसमें NTA के DG समेत शिक्षा मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।सूत्रों के अनुसार समिति ने NTA के DG से पेपर लीक की जांच और दोबारा परीक्षा कराने की संभावनाओं को लेकर कई सवाल पूछे। इस दौरान NTA की ओर से समिति को बताया गया कि फिलहाल उनकी पहली प्राथमिकता 21 जून को होने वाली परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बैठक
सूत्रों के मुताबिक NTA के DG ने समिति को जानकारी दी कि 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए नए सिरे से प्रश्नपत्र तैयार किए जा रहे हैं। परीक्षा प्रक्रिया की सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बैठक में जब पेपर लीक जांच की प्रगति को लेकर सवाल पूछा गया तो अधिकारियों की तरफ से कहा गया कि फिलहाल इस मामले में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती क्योंकि जांच CBI के पास है। सूत्रों के अनुसार बैठक के दौरान सरकार और NTA की तरफ से जांच एजेंसी से साफ तौर पर कहा गया कि पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की जाए।
परीक्षाओं की पूरी व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र की समीक्षा की जाएगी
अधिकारियों ने समिति को यह भी बताया कि 21 जून की परीक्षा संपन्न होने के बाद कोशिश होगी कि नए शैक्षणिक सत्र में किसी तरह की देरी न हो। साथ ही अगले साल होने वाली परीक्षाओं की पूरी व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह हैं। बैठक में राजीव राय,स्वाति मालीवाल,रेखा शर्मा,रविशंकर प्रसाद,संबित पात्रा और ज़ियाउर रहमान वर्क समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
