कर्नाटक के हुमनाबाद तालुका के मोलकेरा इलाके में हाईवे किनारे लगे एक ट्रांसफॉर्मर में रहस्यमय विस्फोट की घटना सामने आई है। इस धमाके में छह लोग घायल हो गए हैं। घायलों में दो वयस्क और तीन बच्चे शामिल हैं। घायलों को बीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस अस्पताल के सर्जन डॉ.शिवयोगी बाली ने घटना के बारे में जानकारी दी।
सांकेतिक तस्वीर।
उनके मुताबिक, हाईवे के पास लगा ट्रांसफॉर्मर अचानक से फट गया,जिसकी वजह से पांच लोग घायल हुए। यह घटना हुमनाबाद तालुका के मोलकेरा गांव में हुई। घायलों में से दो लोगों की हालत गंभीर है। एक व्यक्ति को पैर में इंजरी हुई है। इसके अलावा, उसकी आंख में चोट और बाएं हाथ और सिर में भी गंभीर चोट आई है। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। दूसरे घायल व्यक्ति की पहचान 65 वर्षीय जब्बार के रूप में हुई है, जो ट्रांसफॉर्मर के पास खेत में काम कर रहे थे। उन्हें दोनों पैरों में गंभीर इंजरी, आंख और सिर में चोट लगी है। इसके अलावा, स्कूल जा रहे कुछ बच्चे भी ट्रांसफॉर्मर के पास से गुजरते समय घायल हो गए। बच्चों की उम्र करीब 8 साल, 5 साल और 4 साल है। सभी का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है। कुल मिलाकर पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो वयस्क और तीन बच्चे शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक (बीदर) प्रदीप गुंटी ने भी इस मामले में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो वयस्क गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।विस्फोट के कारण छह लोग घायल हुए हैं। इनमें से चार बच्चे हैं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दो वयस्क गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना होमनाबाद तालुक के मोलखेरा गांव में मोलिगे मरैया मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर घटी। वे सड़क पर जा रहे थे तभी अचानक विस्फोट हुआ,जिससे छह लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं। विस्फोट में इस्तेमाल हुई सामग्री की प्रकृति और अन्य विवरणों की फिलहाल पुष्टि की जा रही है।
